भोपाल और इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय ने शुरू कराया सदस्यता अभियान

भोपाल और इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय ने  शुरू कराया सदस्यता अभियान
भोपाल, भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान की शुरुआत श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिन के साथ आज हो गई। इस मौके पर अभियान के राष्ट्रीय संयोजक पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा के गुरुग्राम में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल की मौजूदगी में पौधरोपण करने के साथ अभियान का आगाज किया। वे कल दिल्ली में पार्टी कार्यालय में इसकी शुरुआत करेंगे। उधर प्रदेश में संगठन द्वारा अभियान के शुभारंभ के लिए तय नेताओं की मौजूदगी में सदस्यता दिलाने का काम शुरू हुआ। भोपाल में राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश के संयोजक अरविन्द भदौरिया ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इसके पहले इंदौर में अभियान शुरू करने के मौके पर विजयवर्गीय मीडिया के सवालों से बचते रहे। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आज जबलपुर में हैं। ग्राम पड़वार में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के साथ जनसहयोग एवं सामूहिक श्रमदान द्वारा तैयार किए गए गेबियन बोल्डर बांध का लोकार्पण करने के बाद उन्होंने  जबलपुर में पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। शेखावत ने पहले पड़वार (बरेला) में गौर नदी के गोमुख घाट पर बनाए गए गेबियन बोल्डर बांध का लोकार्पण किया। यहां विशिष्ट अतिथि के रूप में पदमश्री  महेश शर्मा एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके पश्चात शेखावत संसदीय क्षेत्र के सरपंचों, जल रक्षा अभियान में लगे कार्यकतार्ओं तथा विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों को संबोधित करने पहुंचे। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के साथ पार्टी कार्यालय में पौधरोपण कर सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया।