2 लाख प्राथमिक सदस्य बनायेगी कांग्रेस
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय सिंह परिहार ने पत्रकार वार्ता में दी जानकारी
Syed Sikandar Ali
मण्डला - जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय सिंह परिहार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं म.प्र. कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में मण्डला कांग्रेस कमेटी के द्वारा 940 मतदान केन्द्रों में 1880 क्रियाशील एवं 2 लाख से अधिक प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है । जिसका शुभारंभ दिनॉक 25/07/2019 को नैनपुर ब्लाक से करने जा रहे हैं। नैनपुर के ब्लाक नैनपुर एवं पठार के लगभग 192 मतदान केन्द्रों एवं 06 मण्डलम् क्रमशः डिठौरी, पिण्डरई, पाला सुन्दर, चिरईडोंगरी, जामगॉव एवं नैनपुर में प्रथम चरण में 384 क्रियाशील एवं 4800 प्रायमरी सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। हम यह भी स्पष्ट करना चाहते हैं कि सदस्यता अभियान हमारी पार्टी की निरन्तर प्रक्रिया है, जो कि संगठन के निर्वाचन के 02 वर्ष के उपरांत प्रारम्भ किया जाता है । कांग्रेस पार्टी का प्रयास है कि सदस्यता अभियान के माध्यम से नये सदस्यों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ सकें, म.प्र. शासन के मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ का निर्देश है कि सभी ब्लाक अध्यक्ष, मण्डलम अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष एवं कांग्रेस के संगठन कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एन.एस.यू.आई. एवं सभी जिला कांग्रेस के पदाधिकारीगण अधिक से अधिक संख्या में सदस्य बनायें और साथ ही पार्टी की कोशिश है कि जिस तरह से देश की जनता को राष्ट्रवाद के नाम पर भ्रमित कर मंहगाई और बुनियादी समस्याओं से लोगों का ध्यान हटाया गया ।
श्री परिहार ने कहा कि वर्तमान में जो बजट केन्द्र सरकार का आया है, उसमें गरीब वर्ग एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के लिये कोई ठोस कार्यक्रम नहीं है। बजट में म.प्र. को 2677 करोड़ रूपये पिछले बजट की तुलना में कम मिले हैं, जबकि प्रदेश में 29 लोकसभा सीटों में से 28 सीटों पर भाजपा को सफलता मिली थी। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के द्वारा अपने बजट में शिक्षा, कृषि, रोजगार पर जोर दिया गया है, साथ ही प्रदेश सरकार ने 06 माह में लगभग 100 वचनों को पूरा करने का कार्य किया है। सदस्यता अभियान के माध्यम से कांग्रेस जिले के प्रत्येक मतदान केन्द्रों पर कांग्रेस पार्टी की नीति-रीतियों के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ भाजपा की केन्द्र सरकार के द्वारा जनता को भ्रमित कर गुमराह किया जा रहा है कि उनके द्वारा भारत को विश्व आर्थिक विकास में सातवें स्थान पर लाया गया है, जबकि सत्यता यह है कि वर्ष 1964 से ही भारत छटवां स्थान प्राप्त कर चुका है। पत्रकारवार्ता में वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र राजपूत, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित शुक्ला, कांग्रेस लीगल सेल के अध्यक्ष राकेश तिवारी, जिला महामंत्री धर्मेन्द्र श्रीवास्तव, किसान कांग्रेस इंटक के अध्यक्ष महेन्द्र चंद्रोल, ब्लाक अध्यक्ष बकोरी सतीश झारिया, आशु जैन, कुलदीप कछवाहा, जावेद सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे ।