dayanand chourasia
छिंदवाड़ा। खजरी रोड स्थित प्रीति गैस एजेंसी संचालक पर आचार संहिता के उलंघ्घन का मामला कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया है। खाद्य विभाग द्वारा शिकायत के बाद यह मामला दर्ज किया गया।

विधानसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला जिला मुख्यालय में ही देखने को मिला, जब खजरी रोड स्थित प्रीति गैस एजेंसी मेंं खुलेआम प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन के सिलेंडर और चूल्हे बांटे गए। इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी गई, लेकिन कोई भी अलर्ट होकर इन कनेक्शन को बंटने से रोक नहीं पाया। निर्वाचन आयोग ने आचार संहिता के अधीन किसी भी शासकीय योजनाओं का लाभ देना प्रतिबंधित किया गया है। बीती छह अक्टूबर से लगातार जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिशा-निर्देश प्रसारित किए गए। इसके बावजूद इस गैस एजेंसी में सुबह से मध्यान्ह चार बजे तक प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना के सिलेंडर और चूल्हे बांटे जाते रहे।
अमरवाड़ा के सकरवाड़ा से आए राजलाल इनवाती ने पूछताछ में ये स्वीकार किया कि मां के नाम से उज्ज्वला गैस कनेक्शन स्वीकृत हुआ है। गैस सिलेण्डर और चूल्हे को लेने के लिए आए हैं। यही बात दूसरे हितग्राहियों ने भी कही। इसकी सूचना तुरंत फोन से प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी दी गई, लेकिन वे कार्यवाही करने के लिए नहीं पहुंच पाए। इससे हितग्राही सिलेण्डर और चूल्हा लेकर घर चले गए। प्रीति गैस एजेंसी के कर्मचारी मनु राय का कहना है कि भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की फोटो को कवर कर गैस कनेक्शन बांटने के निर्देश दिए गए थे। इसका पालन कर उज्ज्वला गैस योजना के केवल पांच कनेक्शन के सिलेण्डर और चूल्हों को वितरित किया गया। जिन्हें वर्ष 2017 में स्वीकृत किया गया था। जांच अधिकारी पीेटी उषा, ने बताया कि मामला धारा 188 के तहत पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया है।