—मुख्यमंत्री ने की आपात बैठक, पीएम, केंद्रीय मंत्रियों से की बातभोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना संकट के बीच लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रही आक्सीजन की कमी सुचारू करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र सरकार से गुहार लगाई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को मंत्रालय में महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान मंत्रियों के साथ कोरोना की रोकथाम को लेकर विचार—विमर्श किया गया, वहीं मध्यप्रदेश में आक्सीजन की सप्लाई को सुचारु किए जाने के लिए हर उपाय किए जाने पर जोर दिया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 8 अप्रैल तक आक्सीजन की उपलब्धता 130 मैट्रिक टन थी, जिसे 9 अप्रैल को बढ़ाकर 180 मैट्रिक टन एवं 12 अप्रैल को इसे बढ़कार 267 मैट्रिक टन किया गया है। सीएम ने कहा, वह दिल्ली में लगातार संपर्क में हैं। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री के साथ रेलवे मंत्री एवं पेट्रोलियम मंत्री से भी लगातार बात कर रहे हैं, ताकि मध्प्रदेश में आक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में जिला प्रशासन से चर्चा कर स्थितियों की जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि अस्पतालो में पर्याप्त बेड उपलब्ध हों और आक्सीजन की कमी पूरी हो, इस पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्रियों को जिला का कोविड प्रभारी बनाया गया है, उनसे बात करके आगे की स्थिति अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में आक्सीजन टैंकर के जरिए दूसरे राज्यों से आती है। कई बार रास्ते में ऐसी स्थिति बन जाती है, जिससे टैंकर पहुंचने में काफी देर हो जाती है। यह परेशानी दूर करने के लिए उनको एंबूलेंस जैसी सेवा घोषित कर दिया है, ताकि यह पुलिस के संरक्षण के चलें और समय पर आ पाएं। पूरी कोशिश है कि आक्सीजन के टैंकर की उपलब्धता समय पर हो सके, ताकि मरीजों को परेशानी नहीं हो।