rahul silakari
सागर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जो काम 20वीं सदी में आजादी के पहले 25 साल में नहीं हो सके, उसे अब सरकार आजादी के 75 साल पूरे होने से पहले पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। कांग्रेस ने देश की कई पीढिय़ों के साथ अन्याय किया हैं।

श्री मोदी आज रविवार को बुंदेलखंड के संभागीय मुख्यालय सागर के कजलीवन मैदान में चुनावी आमसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नामदार ने एक कंपनी में बनाई, जिसका नाम बैकऑफ था। पर्दे के पीछे चलने वाली इस कंपनी को बंद कर दिया गया। इसमें नामदार के जो पार्टनर थे उन्हें पनडुब्बी बनाने का टेंडर मिल गया। बोफोर्स तोप हेलिकॉप्टर और अब पनडुब्बी। जितना खोलोगे इनके घोटाले के राज खुलते ही जाएंगे। जल, थल, नभ हो नामदारों के घोटालों के राज खुलते जा रहे है। नामदार और रागदरबारी कोप भवन में चले गए है। आजादी के बाद महामिलावटी कांग्रेस के राज में कई वर्षों तक पीढिय़ा बिगड़ गई, दशक बीत गए मगर लोगों को मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी रही। कांग्रेस की आपराधिक लापरवाही का परिणाम है कि जो काम पहले 25 साल में होना थे वह नहीं हो सके। कांग्रेस और दूसरे दलों ने जो काम समय पर नहीं किया आज उसे करने में देश का ज्यादा पैसा और संसाधन लग रहा है उसकी गुनहगार सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस हैं। प्रधानमंत्री ने दावे के साथ कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में रहती तो आजादी के 100 वर्षो में भी इसे पूरा नहीं करती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने वंश का फायदा करने देश की पीढिय़ों को बर्बाद कर दिया। नामदारों ने अपना भ्रष्टाचार और काले धन को बढ़ाने का काम किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विदेशी ताकतों के जरिए बनाया गया किला आखिर ढह गया। कांग्रेस के नामदार ने स्वीकार कर लिया है कि मोदी के ऊपर जो आरोप लगाए जा रहे थे उसका एकमात्र लक्ष्य मोदी की छवि को नुकसान पहुंचाना था।उन्होंने कहा कि राजकुमार के तैयार होने तक परिवार का वफादार बैठाने की योजना बनी। उन्होंने सोचा राजकुमार आज सीखेगा-कल सीखेगा लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इनके पीएम देश की चिंता छोड़ अपनी कुर्सी की चिंता में लगे रहे हैं। इसमें 10 साल बर्बाद हो गए। इसके बाद देश की जनता ने इन्हें सरकार से बाहर कर दिया। ये हमारे लिए एक ऐसा भारत छोड़कर गए, जिसे दुनिया भ्रष्टाचार से जोड़ती थी, आतंकवाद से जोड़ती थीए महिलाओं के असुरक्षा से जोड़ती थी। कांग्रेस के समय में जो महंगाई दर डबल डिजीट में थी जो अब कम हो गई है। वो रात-रातभर यहीं सोचते हैं कि ये चाय वाला आखिर इतने दिन टिक कैसे गया। मैं ईश्वर को मानने वाला इंसान हूं, ईश्वर अपनी शक्ति दिखा ही देता है।
मध्यप्रदेश में ढाई मुख्यमंत्री की सरकार
प्रधानमंत्री ने मप्र की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पहली बार मध्यप्रदेश में ढाई सीएम की सरकार है। कांग्रेस सरकार द्वारा तो कर्जमाफी के नाम पर किसानों से वोट ले लिया और फिर मुकर गए। धनमोह और पुत्रमोह में फंसे यहां के कांग्रेस नेताओं ने मप्र को बर्बाद कर दिया। यहां इन्होंने ट्रांसफर उद्योग खड़ा कर दिया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ गई है और डकैत सक्रिय हो गए है। छोटे बच्चों का अपहरण हो रहा है बेटियों के साथ अपराध की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। ये झूठ बोलना और फ्राड करना कांग्रेस के स्वभाव में है।