नवंबर में खत्म हो सकता है इंतजार, उपचुनाव के बाद होगी आधा दर्जन आईपीएस की पदोन्नती

नवंबर में खत्म हो सकता है इंतजार, उपचुनाव के बाद होगी आधा दर्जन आईपीएस की पदोन्नती
भोपाल, प्रदेश कॉडर के आधा दर्जन आईपीएस अफसर एडीजी बनने के लिए साढ़े दस महीनों से इंतजार कर रहे हैं। नवंबर में उनका इंतजार खत्म हो सकता है। उन्हें आईजी से एडीजी के पद पर पदोन्नत किया जा सकता है। इस पदोन्नति में इंदौर जोन के आईजी योगेश देशमुख भी एडीजी बनेंगे। वर्ष 1995 बैच के आईपीएस अफसरों को एक जनवरी को ही एडीजी के पद पर पदोन्नति दी जाना थी, लेकिन साढ़े दस महीने से इस पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं। प्रदेश पुलिस में एडीजी रेंक के अफसरों की संख्या ज्यादा होने के चलते पिछले दो सालों से आईजी से एडीजी के पद पर पदोन्नति पाने में लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। पिछले साल भी वर्ष 1994 बैच के अफसरों को जनवरी की जगह पर अक्टूबर में जाकर पदोन्नति दी गई गई थी। इस बार भी अक्टूबर को गया, लेकिन वर्ष 1995 बैच के अफसरों को पदोन्नति नहीं मिली। सूत्रों की मानी जाए तो अब नवंबर में चार अफसरों को आईजी से एडीजी बनाया जाएगा। इस बैच की मीनाक्षी शर्मा और जयदीप प्रसाद प्रतिनियुक्ति पर हैं। ऐसे में इन दोनों को छोड़कर बाकी के बचे हुए अफसरों को पदोन्नति मिल सकती है। इस बैच के साई मनोहर, चंचल शेखर, आईजी इंदौर योगेश देशमुख और आईजी बालाघाट केपी व्यंकटेश्वर राव को एडीजी बनाया जाएगा।