प्रभारी एसपी जीआरपी राकेश खाखा ने प्रेस कांफ्रेंस में किया खुलासा
brijesh parmar
उज्जैन। जीआरपी थाना पुलिस ने उत्तरप्रदेश के एक करोड़पति पूर्व पार्षद को ट्रेनों में चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है।आरोपी से 20 लाख कीमत की मेड इन यूएसए (चेक रिपब्लिक) दुर्लभ पिस्टल बरामद की गई है।आरोपी के अनुसार वह जुए और सट्टे की लत के कारण चोर बन बैठा और ट्रेनों में सफर के दौरान यात्रियों का सामान चुराने लगा। आरोपी ने 7 जुलाई 2018 को अवंतिका एक्सप्रेस में सफर के दौरान यह पिस्टल चुराई थी। पिस्टल सूरत के व्यापारी संजय रॉय की थी।।पिस्टल चोरी की संजय ने उज्जैन जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेलवे के राकेश खाखा ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी उत्तरप्रदेश के बिजनौर शहर का निवासी हरेंद्र सिंह वहीं के वार्ड क्रमांक 21 से पार्षद रहा है। हरेंद्र सिंह ने बीते वर्ष 7 जुलाई 2018 को अवतिंका एक्सप्रेस के एसी कोच से गुजरात से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए आ रहे व्यापारी संजय राय के बेग से 20 लाख कीमत की पिस्टल, 20 राउंड और 1.90 लाख रूपए पर हाथ साफ किए थे। हरेंद्र सिंह पूर्व में पार्षद रहा है। जुएं, सट्टे की लत के चलते इसने जमीन-जायदाद बिक जाने के बाद उसके द्वारा चोरियां करना शुरू कर दी । आरोपी केवल एसी कोच में ही चोरियां करता था और टिकट बुकिंग करवाकर सफर करता था। 8 महीने पहले इसने अवतिंका एक्सप्रेस ट्रेन में मुंबई से इंदौर तक की टिकट बुकिंग कराई थी। चोरी को अंजाम देने के बाद आरोपी उज्जेन जिले के खाचरौद स्टेशन पर ही उतर गया था। इसी वजह से शंका की सुई इस पर गई। जांच की गई तो पता चला कि हरेंद्र सिंह हाल ही में चोरी के मामले में नागपुर जैल में बंद है। उससे पूछताछ करने हेतु प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया तो उसने यात्री संजय राय की बेशकीमती पिस्टल और एक लाख 90हजार नकद चोरी करना कबूल किया है पुलिस ने उसकी निशानदेही से बिजनोर स्थित उसके निवास से चोरी का माल बरामद कर लिया है । पुलिस को यह भी जानकारी लगी की आरोपी के विरुद्ध विभिन्न प्रदेशों में जीआरपी थाने में ऐसे कई चोरी के मामले दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने उसे चोरी के मामले में गिरफ्तार कर लिया है और उससे अन्य चोरियों की जानकारी हासिल कर रही है।