नई दिल्ली. देश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। महराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात सहित कई राज्यों में हालात बेकाबू हो रहे हैं। ऐसे में सरकार को जोर वैक्सीनेशन पर ज्यादा है। साथ ही मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हरसंभव कोशिश कर रही है। उधर, भारत के रईस कोरोना वैक्सीन (Corona vaccine) लगाने के लिए चार्टर्ड फ्लाइट्स से दुबई जा रहे हैं। ये रईस इसके लिए 55 लाख रुपये तक खर्च कर रहे हैं। 2200 किलोमीटर का हवाई सफर तय करने के बाद ये रईस वहां फाइजर की वैक्सीन को तरजीह दे रहे हैं, जबकि यूएई में एस्ट्राजेनेका और साइनोफार्म की वैक्सीन भी उपलब्ध है।
दरअसल, यूएई में 40 साल और उससे अधिक उम्र को लोगों को मुफ्त में वैक्सीन लगाई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो भारतीय अमीर कोरोना वैक्सीन का टीका लगवाने के लिए दुबई का रुख कर रहे हैं। बताया जाता है कि यह ट्रेंड गत मार्च में शुरू हुआ, जब दुबई ने रेजिडेंट वीजाधारकों को वैक्सीन के लिए रजिस्टर करने की अनुमति दी। हालांकि, अप्रैल में इसमें तेजी आई जब भारत में कोरोना के मामलों में तेजी आई।
इतना आएगा खर्च
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमीर भारतीय कोरोना वैक्सीन लेने के लिए दुबई का रुख कर रहे हैं। इसके लिए अमीर भारतीय सिर्फ वैक्सीन लगवाने के लिए 40 से 60 लाख रुपए तक खर्च कर रहे हैं। बताया जाता है कि दुबई में फाइजर की वैक्सीन ज्यादा लोग लगवा रहे हैं।