अब चंडीगढ़ से इंदौर का सफर दो घंटे में तय होगा
इंदौर
चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से एक अगस्त से इंदौर के लिए सीधी फ्लाइट शुरू हो रही है। इंदौर-चंडीगढ़-इंदौर के बीच चलने वाली यह फ्लाइट हफ्ते में चार दिन (रविवार, सोमवार, बुधवार व शुक्रवार) उड़ान भरेगी। जेट एयरवेज की फ्लाइट दोपहर 12.45 बजे इंदौर से दोपहर 2.45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वहीं, चंडीगढ़ से दोपहर बाद 3.15 बजे उड़ान भरकर फ्लाइट शाम 5.15 बजे इंदौर पहुंचेगी।
फ्लाइट का यह शेड्यूल एक अगस्त से 27 अक्टूबर तक रहेगा। इस फ्लाइट के शुरू होने के साथ चंडीगढ़ अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 37 उड़ानों का शेड्यूल हो जाएगा। एयरपोर्ट से इंदौर के लिए फ्लाइट शुरू होने के साथ देश के 12 शहर जुड़ जाएंगे। इससे पहले मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, जयपुर, श्रीनगर, बेंगलुरु, कुल्लू, लेह, अहमदाबाद, हैदराबाद, पुणे के लिए चंडीगढ़ से सीधी उड़ान हैं।
चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से रोजाना 4500 के करीब यात्री सफर करते हैं, ऐसे में लगातार फ्लाइट्स के बढ़ते शेडूयल से पूरे रीजन को फायदा होगा।
इंदौर के लिए उड़ान शुरू होने के बाद यह सफर दो घंटे का हो जाएगा। सड़क से चंडीगढ़ की दूरी (एनएच 50) करीब 1100 किलोमीटर है। इसे तय करने औसतन 19.30 घंटे लगते हैं।
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से हर शुक्रवार को चंडीगढ़-इंदौर वीकली एक्सप्रेस (19308) जाती है। यह ट्रेन 17 स्टेशनों पर रुकती हुई 1119 किलोमीटर का सफर तय करके 22 घंटे 25 मिनट में चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचती है।