इंदौर में पकड़े गए अवैध हथियार बनाने वाले देश भर में थे सक्रिय

इंदौर में पकड़े गए अवैध हथियार बनाने वाले देश भर में थे सक्रिय

इंदौर। इंदौर में पकडेÞ गए अवैध पिस्टल और कट्टे का कारोबार करने वाले आरोपियों ने कई खुलासे किए हैं। आरोपी धार और इंदौर के आसपास के जिलों के जंगलों में अवैध हथियार बनाने का काम करते हैं। इस गिरोह ने प्रदेश सहित महाराष्टÑ, दिल्ली सहित देश के कई प्रांतों में हथियार खपाने के लिए अपने एजेंट बना रखे हैं।  सूत्रों की मानी जाए तो पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे धार जिले के बाकनेर, मनावर, सिंघीनी और बदनावर के साथ ही बड़वानी जिले के देहात क्षेत्रों में अवैध हथियार बनाते हैं। इस क्षेत्रों में रहने वाले सिकलीगर इन हथियारों का निर्माण करते हैं। गिरोह पिस्टल और कट्टा बनाने के लिए स्प्रिंग, लोहे का पाईप, स्क्रू और लोहे के अन्य कबाड़ का इस्तेमाल करते हैं। सिकलीगर अब इसका निर्माण जंगलों और पहाड़ियों पर जाकर करते हैं। बाद में इसे खेतों में गड़ा देते हैं। पिस्टल और कट्टे को 15 से 20 हजार रुपए में बेचा जाता है। एजेंट के जरिए इन्हें देश के कई प्रांतों में बेचा जाता है।

यह है मामला
इंदौर क्राइम ब्रांच के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश दंडोतिया और उनकी टीम ने इंदौर में अवैध फायर आर्म्स बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह से जुड़े 6 आरोपियों से 35 अवैध फायर आर्म्स और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए थे। इनसे हुई पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं।