एक ही जगह जमे पुलिस कर्मचारियों का होगा तबादला, आदेश जारी
भोपाल
मध्य प्रदेश में अब एक ही ज़िले में 3 साल से जमे पुलिस वाले इधर से उधर किए जा रहे हैं. एमपी पुलिस (mp police) के मैदानी अमले में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है. इसका असर एक लाख से ज्यादा पुलिसकर्मियों पर पड़ेगा. पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने इस बड़े बदलाव के लिए आदेश जारी कर दिया है.इस आदेश के अनुसार 3 साल से एक ही जिले में पदस्थ कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर तक का तबादला किया जाएगा.सभी की सूची तैयार की जा रही है. लिस्ट अंतिम दौर में है और जल्द ही एमपी पुलिस में बड़े पैमाने पर तबादले हो जाएंगे.
पुलिस मुख्यालय ने जारी किए आदेश
पुलिस मुख्यालय ने अपने पुराने आदेश को रिव्यू करते हुए नए सिरे से आदेश जारी किया है. इस आदेश के तहत जो भी कॉन्स्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर तक के पुलिसकर्मी एक ही जिले में 3 साल से अधिक समय से पदस्थ हैं, उनकी सूची तैयार कर एक महीने के अंदर संबंधित जिले से हटा दिया जाए. पुलिस मुख्यालय के आदेश पर प्रदेश की सभी पुलिस इकाइयों ने सूची तैयार करना शुरू कर दिया है. साथ ही सभी पुलिस इकाइयों को यह सूची मुख्यालय भी भेजनी पड़ेगी. यानी सभी पुलिस इकाइयों को यह सुनिश्चित करना पड़ेगा कि उन्होंने अपने जिले में पदस्थ मैदानी पुलिसकर्मियों में फेरबदल किया है. यह फेरबदल मुख्यालय के आदेश अनुसार होगा.
ट्रांसफर बोर्ड की लगेगी अंतिम मोहर
पुलिस मुख्यालय ने कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर तक के पुलिस कर्मियों के लिए रेंज स्तर पर ट्रांसफर बोर्ड का गठन किया है. अब पुलिस मुख्यालय का इसमें कोई दखल नहीं होगा. यह ट्रांसफर बोर्ड अपने स्तर पर पुलिस मुख्यालय के आदेशों का पालन करते हुए पुलिस कर्मियों का ट्रांसफर करेगा.
पुलिस महकमे में हड़कंप
पुलिस मुख्यालय के इस आदेश के बाद मैदानी पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया है. जो पुलिसवाले 3 साल से ज्यादा समय से एक ही जिले में जमे थे, वे सभी अपना ट्रांसफर रुकवाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं. राजनीतिक हस्तक्षेप के जरिए अपने ट्रांसफर रोकने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन सीएम शिवराज सिंह चौहान के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय सख्त है और किसी भी तरीके के राजनीतिक हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं करेगा.
bhavtarini.com@gmail.com 
