कश्मीर के पोलिंग बूथ पर ग्रेनेड से हमला, बंगाल में झड़प

नई दिल्ली 
 लोकसभा चुनाव के लिए पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर वोटिंग जारी है। इस चरण में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के भाग्या का फैसला जनता करेगी। वहीं झारखंड के हजारीबाग में पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा अपनी पत्नी नीलिमा सिन्हा के साथ पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंचे। यहां से उनके बेटे जयंत सिन्हा के मुकाबले में कांग्रेस उम्मीदवार गोपाल साहू और सीपीआई के भुवनेश्वर प्रसाद मेहत चुनावी मैदान में हैं। 

इस चरण में करीब 8.75 करोड़ मतदाता 96 हजार मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके साथ ही लोकसभा की 543 में 425 सीटों पर मतदान संपन्न हो जाएगा। इस चरण में लखनऊ से राजनाथ सिंह का मुकाबला सपा की पूनम सिन्हा से है। वहीं, अमेठी से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का मुकाबला स्मृति ईरानी से है। रायबरेली से सोनिया गांधी मैदान में हैं। 

इनके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद (धौरहरा), सुबोध कांत सहाय (रांची), केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ (जयपुर ग्रामीण), जयंत सिन्हा (हजारीबाग), साध्वी निरंजन ज्योति (फतेहपुर) की किस्मत भी दांव पर है। बाराबंकी से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पूनिया के बेटे तनुज पूनिया और मधुबनी से हुकुम नारायण यादव के बेटे अशोक यादव मैदान में हैं।