केन्द्रीय मंत्री प्रधान ने प्राथमिक स्कूल भवन और बॉयो गैस संयंत्र का किया लोकार्पण
भोपाल
केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने बैतूल जिले के जामठी में भारत भारती शिक्षा समिति के प्राथमिक स्कूल भवन और बॉयो गैस संयंत्र का लोकार्पण किया। उन्होंने कृषक प्रशिक्षण केन्द्र का भूमि-पूजन भी किया।
केन्द्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि बॉयो गैस संयंत्र से ऊर्जा संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति होगी। क्षेत्र में नवीन प्राथमिक विद्यालय का लाभ बच्चों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि कृषक प्रशिक्षण केन्द्र से किसानों को उन्नत खेती में आवश्यक मदद मिलेगी। जामठी में भारत भारती शिक्षा समिति के प्राथमिक विद्यालय का निर्माण भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से किया गया है। इण्डियन ऑइल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से 5 टीपीडी बॉयो गैस संयंत्र निर्मित किया गया है। ओएनजीसी की सहायता से कृषक प्रशिक्षण भवन का निर्माण किया जायेगा।
प्रधान ने की कृषि मंत्री की प्रशंसा
केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री प्रधान ने कृषि कानूनों के समर्थन में कृषि मंत्री पटेल द्वारा मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लगाई जा रही किसान चौपाल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि किसानों को नए कृषि कानूनों के फायदों से अवगत कराना जरूरी है। नए कानून किसानों की तकदीर और तस्वीर बदल देंगे।
लोकार्पण और भूमि-पूजन समारोह में विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, सांसद दुर्गादास उइके, पूर्व सांसद हेमंत खण्डेलवाल, सर सहकार्यवाह सुरेश सोनी, सौदान सिंह, ऑइल कम्पनियों के वरिष्ठ अधिकारीगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
bhavtarini.com@gmail.com 
