'कैप्टन' पर फंसे सिद्धू तो पत्नी ने याद दिलाई 'पिता' वाली बात

'कैप्टन' पर फंसे सिद्धू तो पत्नी ने याद दिलाई 'पिता' वाली बात

चंडीगढ़ 
कांग्रेस नेता और पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू अपने 'दोस्त' इमरान खान के पाकिस्तान का प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही लगातार किसी न किसी वजह से चर्चाओं में रह रहे हैं। इस दौरान उनके बयानों से कई बार विवाद भी खड़े हो रहे हैं। उन पर ताजा आरोप पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के अपमान का लगा है। पंजाब कांग्रेस के ही कुछ नेताओं के खुलकर नाराजगी जताने के बाद विवाद बढ़ता देख अब सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने उनके बचाव में सफाई दी है। कौर ने यह कहकर विवाद थामने की कोशिश की है कि उनके पति हमेशा कहते हैं कि कैप्टन साहब उनके पिता के समान हैं। 

क्या है मामला 
पाकिस्तान में करतारपुर साहिब कॉरिडोर के शिलान्यास कार्यक्रम में शिरकत के बाद वतन लौटने पर जब नवजोत सिंह सिद्धू पर सवाल खड़ा हुआ कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उन्हें पाक जाने के फैसले पर पुनर्विचार करने कहा था तो फिर उन्होंने क्यों सीएम की बात नहीं मानी। इस पर सिद्धू की ओर से जवाब आया, 'सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुझे रोका था लेकिन मेरे कैप्टन तो राहुल गांधी हैं। कैप्टन (अमरिंदर सिंह) के भी कैप्टन राहुल गांधी हैं।' बयान के बाद बवाल बढ़ा और सिद्धू ने मामले पर सफाई दी। पंजाब कांग्रेस सरकार के ही मंत्रियों द्वारा सिद्धू के इस्तीफे की मांग की गई है। 

अब सिद्धू के बचाव में उतरीं पत्नी 
कांग्रेस नेताओं द्वारा ही सिद्धू से सूबे की अमरिंदर कैबिनेट से इस्तीफे की मांग के बाद अब उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू भी अपने पति के बचाव में उतर आई हैं। उन्होंने कहा, 'नवजोतजी हमेशा कहते हैं कि कैप्टन साहब उनके पिता की तरह हैं।' नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, 'नवजोतजी हमेशा कहते हैं कि कैप्टन साहब उनके पिता की तरह हैं। हम यह बात हमेशा स्पष्ट रखते हैं कि कैप्टन साहब का सम्मान सभी चीजों से ऊपर है। सिद्धू का आधा-अधूरा नहीं बल्कि पूरा बयान पढ़ा जाना चाहिए।'