कोरोना जांच नेपाल जाने के सभी रास्तों पर होगी

कोरोना जांच नेपाल जाने के सभी रास्तों पर होगी

पटना 
कोरोना महामारी के बढ़ते हुए मामलों को लेकर बिहार में नेपाल से प्रवेश वाले इलाकों के सभी रास्तों पर कोरोना जांच शुरू होगी। नेपाल से सटे सात जिलों में कोरोना जांच को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गयी है। इन जिलों में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढी, मधुबनी, सुपौल, अररिया व किशनगंज शामिल हैं। कोरोना संक्रमित पाए जाने वाले व्यक्तियों का नाम, पता व संपर्को की जानकारी एकत्र की जाएगी। साथ ही संक्रमित व्यक्ति को तत्काल होम आइसोलेशन में भेजा जाएगा और चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज किया जाएगा। गंभीर मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती भी करने के निर्देश दिए गए है। 

राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने बताया कि इन जिलों में भी कोरोना संक्रमितों की पहचान को लेकर रैंडम जांच के निर्देश दिए गए है। विशेष तौर पर होली के मौके पर बिहार आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद कोरोना के लक्षण पाए जाने पर एंटीजेन किट से जांच किया जाएगा। समिति से मिली जानकारी के अनुसार होली के मद्देनजर राज्य के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों व बस स्टैंडों पर दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच की जा रही है। 

वहीं, नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में बस स्टैंड व सार्वजनिक स्थलों पर कोरोना जांच के लिए मेडिकल टीम तैनात की गयी है। इसके लिए सीमावर्ती इलाकों के प्रवेश वाले स्थानों के प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों से मेडिकल टीम को कोरोना जांच में लगाने का निर्देश दिया गया है।

 बिहार में दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों में 12 मार्च से अबतक 70 व्यक्तियों की पहचान की गयी है। इनमें दूसरे राज्यों से आने वाले 14 नये संक्रमितों की पहचान बुधवार को हुई। जबकि राज्य में पिछले 24 घंटे में कुल 170 नये संक्रमितों की पहचान की गयी।