गजट नोटिफिकेशन देनी होगी डेंगू, चिकनगुनिया, जीका से बीमार मरीजों की जानकारी
भोपाल
कोरोना संकटकाल के बीच मप्र सरकार ने मच्छर जनित बीमारियों के संक्रमण को रोकने के लिए अहम आदेश जारी किया है। नोटिफिकेशन के बाद अब मच्छरों के जरिए फैलने वाली बीमारियां डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया चिकनगुनियां के साथ ही जैपनीज इंसेफेलाइटिस अब अधिसूचित संक्रामक रोगों (नोटिफाइड इन्फेक्शियस डिसीज) की श्रेणी में आएंगे। इससे इन बीमारियों के ज्यादा संक्रमण वाले इलाकों में रोकथाम के लिए काम करने वाले स्वास्थ विभाग, मलेरिया और नगर निगम का अमला और ज्यादा प्रभावी तरीके से कंट्रोल कर पाएगा।
मौजूदा हालात में कोरोना से ज्यादा खतरनाक बीमारियों में मच्छरों के जरिए फैलने वाले रोगों डेंगू, चिकनगुनिया, जीका में भी मृत्यु दर काफी अधिक रहती है। एक्ट में शामिल न होने के कारण प्रायवेट अस्पताल और नर्सिंग होम इन बीमारियों के मरीजों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को नहीं देते हैं। इससे इन बीमारियों के संक्रमण का सही स्तर पता नहीं लग पाता है। गजट नोटिफिकेशन के बाद अब इन बीमारियों के मरीजों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी। मेडिकल स्टोर्स से भी विभागीय महकमा दवाएं लेने वाले मरीजों की जानकारी तलब कर सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग में एनव्हीबीसीडी के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. हिमांशु जायसवार ने बताया कि वाहक जनित रोगों की रोकथाम के लिए ज्यादा संक्रमण वाले इलाकों के घरों में लार्वा सर्वे करने में मकान मालिक सहयोग नहीं करते थे, लेकिन अब लार्वा सर्वे टीम को घर के अंदर जाकर दवा का छिड़काव और लार्वा सर्वे के लिए किसी अतिरिक्त वारंट की जरूरत नहीं होगी।
bhavtarini.com@gmail.com 