गुजरात के मुख्यमंत्री रूपाणी का आरोप- कमलनाथ सरकार नर्मदा जल की सप्लाई में गंदी राजनीति कर रही
भोपाल
मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार और गुजरात सरकार में टकराव की स्थिति बन गई है। मध्यप्रदेश सरकार ने गुजरात को नर्मदा का पानी बंद करने की चेतावनी दी है। इसके बाद गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने शनिवार को गुजरात के गांधीनगर में प्रेस कांफ्रेंस बुलाकर मध्यप्रदेश सरकार को चेताया है कि वे नर्मदा जल के मुद्दे पर गंदी राजनीति न करें।
मध्यप्रदेश सरकार का आरोप है कि उसकी ओर से जा रहे पानी का गुजरात सरकार संग्रह कर रही है, जिस कारण मध्यप्रदेश के कई गांव डूब क्षेत्र में जा रहे हैं। मध्यप्रदेश के नर्मदा घाटी मंत्री सुरेंद्र बघेल के मुताबिक मध्यप्रदेश के हितों से समझौता नहीं करेंगे।
गंदी राजनीति न करें-रूपाणी
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने गुजरात के गांधी नगर में शनिवार को मध्यप्रदेश के सीएम कमलनाथ और नर्मदा घाटी विकास विभाग के मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल पर नर्मदा पानी की सप्लाई मामले में 'गंदी राजनीति' करने का आरोप लगाया है। मध्य प्रदेश की ओर से गुजरात को नर्मदा के पानी की आपूर्ति रोकने की चेतावनी के बाद गुजरात के सीएम विजय रूपाणी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि पानी की किल्लत के इस वक्त में कांग्रेस को पानी के नाम पर कोई गंदी राजनीति नहीं करनी चाहिए। यह बचकाना, दुर्भाग्यपूर्ण, शर्मनाक, राजनीति प्रेरित और बदनीयतीपूर्ण है। रूपाणी ने कहा कि मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार गंदी राजनीति खेलने का प्रयास कर रही है। लोकसभा चुनाव में जबरदस्त पराजय के बाद कांग्रेस हताश हो गयी है।
bhavtarini.com@gmail.com 
