चार मुद्दों पर पांच लाख ट्रांसपोटर्स तीन दिनी हड़ताल पर, रुकी जरूरी सामानों की सप्लाई
भोपाल
आरटीओ की अवैध वसूली और डीजल पर लग रहे भारी टैक्स के खिलाफ प्रदेश भर के ट्रांसपोर्टर्स लामबंद हो गए हैं। प्रदेश भर में आज से 5 लाख के लगभग कमर्शियल वाहनों के संचालकों ने प्रदेशव्यापी हड़ताल शुरू कर दी है। प्रदेश में परिवहन विभाग की डेढ़ दर्जन ऐसे चेकपोस्ट हैं जिन पर अवैध वसूली के लगातार आरोप लगते रहे हैं। इनमें से भी 5 आरटीओ चेकपोस्ट को विभाग में सुपर चेकपोस्ट के नाम से जाना जाता है, इन पर अवैध वसूली का जबरदस्त खेल हर कमर्शियल वाहन के साथ होता है।
अवैध वसूली से परेशान होकर आखिर प्रदेश के ट्रांसपोर्टर्स को हड़ताल पर जाने का बड़ा फैसला लेना पड़ा। सूत्रों की मानी जाए तो आरटीओ की प्रदेश भर की सीमाओं पर जो चौकियां हैं, उन पर भारी पैमाने पर अवैध वसूली होती है। यह लगातार चलती आ रही है। चेकपोस्ट पर होने वाली अवैध वसूली को लेकर कई बार परिवहन मंत्री से लेकर परिवहन आयुक्त तक शिकायत होती रही हैं, लेकिन किसी ने भी इस अवैध करोबार को रोकने के लिए प्रयास नहीं किए। वहीं, परिवहन में आयुक्त और उपायुक्त बनने के लिए जिस तरह से होड़ अफसरों में मचती है, उससे भी इस कारोबार का अंदाज लगाया जा सकता है।
आॅल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर आज से तीन दिन के लिए राजधानी सहित पूरे प्रदेश के ट्रक आॅपरेटरों ने टोटल लॉकडाउन कर दिया है। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात 12 बजे से पूरे प्रदेश के करीब पांच लाख ट्रक आॅपरेटर सहित कॉमर्शियल वाहन संचालकों ने 12 अगस्त तक हड़ताल कर दी है। इस हड़ताल के कारण प्रदेश भर में एक बार फिर सब्जी, फल, अनाज, दवाएं सहित अन्य वस्तुएं पहुंचाने में परेशानियां होंगी। आॅल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया कि पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में यह हड़ताल की जा रही है।
सबसे बड़ी मांग है कि प्रदेश की परिवहन चैकपोस्ट को समाप्त किया जाए। ये चौथवसूली का सेंटर बन गई हैं। यहां पर सबसे ज्यादा हो रही वसूली से आॅपरेटर परेशान हैं। यही कारण है कि मंगलवार को दोपहर दो से तीन बजे के बीच सभी चैकपोस्टों में चक्काजाम कर पांच मिनट तक हार्न बजाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस चक्काजाम में पड़ोसी राज्यों के आॅपरेटर भी शामिल होंगे।
यदि तीन दिन में सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया, तो हड़ताल अनिश्चितकालीन भी हो सकती है। इस संबंध में 12 अगस्त को एक बार फिर प्रदेश के ट्रक आॅपरेटर बातचीत करेंगे।
bhavtarini.com@gmail.com 
