छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण : निर्माण कार्यो हेतु 36 लाख स्वीकृत

    अम्बिकापुर  

 छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के तहत कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर द्वारा सीतापुर एवं अम्बिकापुर जनपद में निर्माण कार्यो हेतु 36 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करते हुये क्रियान्वयन एजेंसी का दायित्व संबंधित ग्राम पंचायत को सौंपा गया है। 
    जारी आदेशानुसार सीतापुर जनपद अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बगडोली में डाढी डेम से कछारकोना मार्ग में पुलिया निर्माण कार्य हेतु 10 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत बमलाया में प्राथमिक शाला से बैगापारा के केन्द्री बाई घर तक नाली निर्माण कार्य हेतु 10 लाख रूपये एवं ग्राम पंचायत रजपुरी में ऊपर रजपुरी से आमाडांड मार्ग में पुलिया निर्माण कार्य हेतु 10 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है तथा अम्बिकापुर जनपद अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सकालो में आवासीय परिसर से नकुल घर की ओर सीसी रोड निर्माण कार्य हेतु 6 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करते हुये क्रियान्वयन एजेंसी का दायित्व संबंधित ग्राम पंचायत को सौपा है। उन्होंने क्रियान्वयन एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।