जनसामान्य से गणेश जी की ईकोफ्रेंडली मूर्ति स्थापित करने की अपील

शहडोल
माह सितम्बर में आने वाले त्यौहार हर्षोल्लास, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिले में 13 सितम्बर को गणेश चतुर्दशी के अवसर पर गणेश जी की मूर्ति स्थापना, 23 सितम्बर को अनंत चतुर्दशी को मूर्ति विसर्जन तथा 21 सितम्बर को मोर्हरम त्यौहार मनाया जाएगा।    

बैठक में कलेक्टर श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव ने सड़क, सुरक्षा, यातायात, विद्युत, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, विसर्जन स्थल पर आवश्यक सुविधाएं तथा शहर की कानून व्यवस्था के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि झांकी के आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं संगीत भक्तिपूर्ण एवं गरिमामय हों। कलेक्टर श्रीमती श्रीवास्तव ने विसर्जन स्थलों पर समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने झांकियों तथा जुलूसों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के दौरान कोलाहल अधिनियम का पालन सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।

कलेक्टर ने एनजीटी के निर्देशानुसार विसर्जन कुण्ड बनाने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिए। उन्होंने चल समारोह के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव, एसपी श्री कुमार सौरव सहित समिति के सभी सदस्यों ने जनसामान्य से गणेश जी की ईकोफ्रेंडली मूर्ति स्थापित करने की अपील की। कलेक्टर ने नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को गणेश प्रतिमा स्थापना एवं ताजिया स्थापना वाली जगहों पर साफ-सफाई रखने, लंगर एवं भण्डारा वाले स्थानों में पेयजल की व्यवस्था तथा प्रकाश की व्यवस्था के निर्देश दिये। उन्होने बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार रात्रि 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग वर्जित है, इसलिये समितियों से आग्रह है कि निर्देशों का कड़ाई से पालन करें तथा मूर्तियां या ताजिये ऐसी जगहों पर नहीं रखे जायें जहां से आवागमन प्रभावित हो। ध्वनि विस्तारक यंत्र निर्धारित ध्वनि पर ही बजाये जायें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री कुमार सौरव ने रात्रि में झांकियों को बंद करते समय पर्याप्त व्यवस्था होने तथा रात्रि में झांकी स्थल पर झांकी समिति के जिम्मेदार व्यक्तियों के रूकने की बात कही। उन्होंने झांकियों को खुला नहीं छोड़ने, झांकियों की सुरक्षित वायरिंग करने को कहा। आपने कहा कि त्यौहारों, धार्मिक जुलूस, जलसों तथा विशेष आयोजनों में सभी धार्मिक समितियों के प्रतिनिधि अथवा सदस्यों के उपस्थित रहने वातावरण सौहार्दपूर्ण होता है। साथ ही तत्समय आने वाली कठिनाईयों का निराकरण भी तुरंत आसानी से हो जाता है।

उन्होंने किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियां नजर आने पर उनकी सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा। एसपी श्री कुमार सौरव ने लोगों से आव्हान किया कि सोशल मीडिया पर ऐसा कोई संदेश पोस्ट या फारवर्ड न करें जिससे किसी की भावना को ठेस पहुंचे। ऐसा कोई संदेश मोबाईल या फेसबुक पर आने पर उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। गणेशोत्सव एवं ताजिया समिति अपने स्वयं सेवकों की सूची एवं मोबाईल नम्बर संबंधित थानों को उपलब्ध करायें।

मोहर्रम के लंगर एवं तकरीर आज से प्रारंभ हो गई है। 21 सितम्बर को शहडोल नगर में सवारी जुलूस निकाला जायेगा, जो जयस्तंभ से सोहागपुर, कोनी, सोहागपुर गढ़ी से निकलेगा तथा मुख्य कार्यक्रम गढ़ी सोहागपुर मैदान में होगा। शाम 5 से 6 बजे नगर सेना ऑफिस के पीछे मुड़ना में ताजिया विसर्जन किया जायेगा। शहडोल नगर एवं अन्य गांव के मुख्य कार्यक्रम परमट के पास होंगे, शाम 5 से 6 बजे के मध्य करबला पचगांव रोड़ में ताजिया का विसर्जन किया जायेगा। 20 सितम्बर को सोहागपुर गढ़ी, इतवारी मोहल्ला, पुरानी बस्ती में रात को अलाव होगा जो रात्रि 3 बजे तक चलता है।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री अशोक ओहरी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला कटारे, उपाध्यक्ष श्री कुलदीप निगम, एसडीएम श्री रमेश सिंह, नगर निरीक्षक श्री रावेंद्र द्विवेदी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अमित तिवारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, श्री आजाद बहादुर सिंह, श्री हरेंद्र मिश्रा, श्री लालचंद्र कुंदनानी, श्री नीरज द्विवेदी, श्री चंद्रेश द्विवेदी, श्री शान उल्ला खान, श्री सिकंदर खान, श्री सुदीप शुक्ला, श्री बाल्मीक गौतम, पार्षदगण सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।