जिला कलेक्टर ने ग्राम माकड़ी में अटल विकास यात्रा के तैयारियों का लिया जायजा

कोण्डागांव
दिनांक 11 सितम्बर को जिला कलेक्टर नीलकंठ टीकाम ने आगामी 15 सितम्बर 2018 को कोण्डागांव जिले के ग्राम माकड़ी में प्रस्तावित अटल विकास यात्रा के तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को विकास यात्रा के दौरान खासकर आमसभा में आने वालों के लिए बैठने, पीने का साफ पानी, स्वास्थ्य सुविधा जैसे मूलभूत जरूरतों के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राही मूलक योजनाओं द्वारा सामग्री, सहायता आदि दी जानी है, उसका वितरण भी पूर्व से सुनिश्चित कर लिया जाए। इसके साथ ही कलेक्टर ने अटल विकास यात्रा की आवश्यक अन्य सुविधाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुजूर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास जी.एस.सोरी, कार्यपालन अभियंता देवेन्द्र नेताम, दीपक शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।