जेडीएस-कांग्रेस सरकार के लिए राहत, बीजेपी ने 'ऑपरेशन लोटस' रोका!
बेंगलुरु
कर्नाटक में लोकसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले कांग्रेस और बीजेपी के दावों से गरमाई सियासत के बीच जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन के लिए थोड़ी राहत की खबर है। बताया जा रहा है कि बीजेपी ने यहां एचडी कुमारस्वामी की अगुआई वाली गठबंधन सरकार को गिराने के लिए अपना कथित ऑपरेशन लोटस चुनाव के नतीजे आने तक स्थगित कर दिया है।
बीजेपी सूत्रों का कहना है कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा को मध्य प्रदेश में कमलनाथ की अगुआई वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ बीजेपी की कोशिश का परिणाम आने तक इंतजार करने को कहा है। बता दें कि एमपी में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने दावा किया था कमलनाथ सरकार अपने आप गिर जाएगी। उन्होंने विधानसभा का सत्र बुलाने के लिए राज्यपाल को खत लिखने की बात भी कही थी।
एग्जिट पोल के अनुमानों से उत्साहित येदियुरप्पा कर्नाटक की गठबंधन सरकार को गिराने की नई कवायद के तहत तैयारी में जुट गए थे। बताया जा रहा है कि अभी उन्हें कथित ऑपरेशन लोटस को रोकने के लिए पार्टी आलाकमान की तरफ से निर्देश दिए गए हैं।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक 23 मई को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद 10 विधायक (7 कांग्रेस और 3 जेडीएस) बीजेपी के खेमे में जाने को तैयार हैं। अब चूंकि पार्टी नेतृत्व ने कथित ऑपरेशन लोटस ठंडे बस्ते में डाल दिया है लिहाजा कांग्रेस और जेडीएस के असंतुष्ट विधायक एक राय नहीं बना पा रहे हैं। उनको लगता है कि देरी होने से उपचुनाव में उनके जीतने की संभावनाओं पर असर पड़ सकता है। बता दें कि पार्टी से बगावत की सूरत में इन विधायकों की सदस्यता जाना तय है और ऐसे में उपचुनाव की नौबत आ सकती है।
कुछ विधायकों को बीजेपी में अपने भविष्य पर संशय है। दरअसल ऐसी रिपोर्ट भी आ रही है कि अगर एनडीए केंद्र की सत्ता में लौटता है, जिसकी ज्यादा संभावना दिख रही है तो येदियुरप्पा की जगह राज्य में नया पार्टी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। हालांकि येदियुरप्पा के करीबी सूत्रों ने ऐसी किसी भी संभावना को खारिज किया है। उनका कहना है, 'इंतजार कीजिए और 23 मई को नतीजों की घोषणा के बाद देखिए क्या होता है।'
bhavtarini.com@gmail.com 