टीवी सेलेब्‍स एक कॉन्‍सर्ट के जरिए ऋष‍ि कपूर और इरफान को देंगे श्रद्धांजलि

टीवी सेलेब्‍स एक कॉन्‍सर्ट के जरिए ऋष‍ि कपूर और इरफान को देंगे श्रद्धांजलि

 

अप्रैल महीने के आख‍िरी दो दिन देश और खासकर टीवी-फिल्‍म इंडस्‍ट्री के लिए बहुत भारी बीते। 29 अप्रैल को इरफान तो 30 अप्रैल को ऋष‍ि कपूर हम सभी को छोड़कर चले गए। हम सभी चाहने वाले अब भी उनकी यादों में खोए हुए हैं। इस बीच टीवी सिलेब्‍स ने तय किया है कि वह दोनों दिवंगत ऐक्‍टर्स को अपने अंदाज में श्रद्धांजलि देंगे। इसके लिए एक म्‍यूजिकल कॉन्‍सर्ट का आयोजन होने वाला है।

इस म्‍यूजिकल कॉन्‍सर्ट से हिना खान, देवोलीना भट्टाचार्जी, अर्जुन बिजलानी, मनीष पॉल समेत कई दिग्‍गज जुड़ गए हैं। इस कॉन्‍सर्ट को 'दर्द-ए-दिल: ए ट्रिब्‍यूट टू द लीजेंड' नाम दिया गया है।

हमारे सहयोगी 'मुंबई मिरर' की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कॉन्‍सर्ट में टीवी की दुनिया से कमीडियन भारती सिंह, सिंगर सुखविंदर सिंह, आदित्‍य नारायण, अबु मलिक भी हिस्‍सा लेंगे। इतना ही नहीं, इसमें 'राइजिंग स्‍टार' शो के एक्‍स कंटेस्‍टेंट्स भी हिस्‍सा लेंगे।

इस कॉन्‍सर्ट को मनीष पॉल होस्‍ट करेंगे। हिना खान ने इसके लिए 'तेरी उम्‍मीद तेरा इंतजार करते हैं' सॉन्‍ग रिकॉर्ड किया है, जबकि अर्जुन बिजलानी 'कर्ज' फिल्‍म के आइकनिक सॉन्‍ग 'ओम शांति ओम' पर परफॉर्म करेंगे। यह शो जल्‍द ही 'कलर्स' चैनल पर प्रसारित किया जाएगा।