डीजल घपला: खड़ी गाड़ी में मीटर रीडिंग बढ़ा डीजल चोरी खुलासे पर PHQ सख्त

डीजल घपला: खड़ी गाड़ी में मीटर रीडिंग बढ़ा डीजल चोरी खुलासे पर PHQ सख्त

भोपाल
सिवनी में पुलिस की खड़ी गाड़ियों में मायलो चिप लगाकार 140 किलोमीटर की स्पीड से दौड़ा कर पेट्रोल-डीजल चोरी करने का जिला पुलिस का गोरखधंधा उजागर होने के बाद यहां के एसपी  कुमार प्रतीक की मुश्किलें बढ़ सकती है। वहीं प्रदेश भर में पुलिस की गाड़ियों को लेकर पुलिस मुख्यालय सतर्क हो गया है। उसे आशंका है कि इस तरह का गोरखधंधा अन्य जिलों में भी चल रहा हो सकता है। इसके चलते पुलिस मुख्यालय सभी पुलिस अधीक्षकों को पेट्रोल-डीजल को लेकर निरीक्षण किए जाने के आदेश जारी कर सकता है।

सूत्रों की मानी जाए तो एसपी को खबर लगने से पहले ही इस गोरखधंधे का पता पुलिस मुख्यालय को चल गया था। मय फोटो और वीडियो के साथ डीजीपी को शिकायत की गई थी। इस शिकायत के बाद कुछ लोगों ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। इसके बाद ही एसपी कुमार प्रतीक हरकत में आए और मामले में आरआई सुनील नागवंशी सहित उनके अन्य सहयोगियों को निलंबित कर दिया। बताया जाता है कि इस मामल में एसपी कुमार प्रतीक को भी शिकायत की जाती रही थी, लेकिन उन्होंने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई।

स्टिंग में पुलिस जवान ने दिखाया है कि कैसे खड़ी गाड़ियों में मायलो चिप लगाकर इसे 140 किलोमीटर की स्पीड से दौड़ा दिया जा रहा है। साथ ही मीटर की रीडिंग दिखाकर फर्जी बिल तैयार किए जाते हैं और सरकारी खजाने से डीजल के पैसे लिए जाते हैं। स्टिंग वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जवान ने पूरे वीडियो में दिखाया है कि कैसे पुलिस के लोग मायलो मीटर से सरकार को चूना लगा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार यह गारेखधंधा करीब साढ़े 3 साल से चल रहा था। इसमें कई लोग शामिल थे। पैसे बंटवारे को लेकर आपस में विवाद हुआ। उसके बाद एक पुलिसकर्मी ने स्टिंग कर इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उसके बाद अधिकारियों के नजर में यह बात आई और दो दिन पहले कार्रवाई हुई । अब पीएचक्यू इस मामले में सख्त दिखाई दे रहा है।