तेज रफ्तार स्कूल बस पलटी, खिड़की तोड़कर निकाले गए बच्चे
कोण्डागांव
छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. बच्चों को स्कूल ले जा रही बस हादसे का शिकार हो गई. तेज रफ्तार होने की वजह से बस पलट गई. हादसे में लगभग 11 बच्चे घायल हो गए. हादसे के बाद से बस का ड्राइवर फरार बताया जा रहा है. फिलहाल विश्रामपुरी पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक केशकाल के मेरिट पब्लिक स्कूल विश्रामपुरी की बस बुधवार को अनियंत्रित होकर पलट गई. दुर्घटना के वक्त बस में 20 से अधिक स्कूली बच्चे सवार थे. बस के पलटते ही बच्चों में चीख पुकार मच गई. इसके बाद रास्ते से गुजर रहे लोगों ने बच्चों को इमरजेंसी गेट और खिड़कियों को तोड़कर बाहर निकाला. हादसे में लगभग 11 बच्चे घायल हो गए. घायल बच्चों का विश्रामपुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया.
घटना के बाद स्कूल बस का ड्राइवर फरार हो गया है. हादसे के बाद बच्चों के परिजनों में काफी रोष है. परिजनों ने ड्राइवर पर नशे में बस चलाने का आरोप लगाया है. विश्रामपुरी कोन्दकेरा गांव के पास ये हादसा हुआ है. विश्रामपुरी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी गई है.
bhavtarini.com@gmail.com 
