त्रिकोणासन के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर बताए ताड़ासन के फायदे

नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 जून को International Yoga Day 2019 के मौके पर दूसरा animated वीडियो ट्वीट किया। गुरुवार को ट्वीट किए 2.18 सेकेंड के वीडियो में उन्होंने ताड़ासन के फायदे और उसे करने का तरीका बताया।
एनिमेटेड वीडियो में पीएम मोदी ताड़ासन या Palm Tree Posture करते हुए नीली टी-शर्ट और ब्लैक ट्रैक पैंट में नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में वह इस योगासन के फायदों के बारे में बता रहे हैं, जिसे करने से शारीरिक व मासिक संतुलन बना रहता है।
वीडियो के साथ उन्होंने ट्वीट में लिखा ताड़ासन करने से आपको कई दूसरे आसन करने में आसानी होगी। इस वीडियो से आसन के फायदे जानने में आपको मदद मिलेगी।
इससे पहले बुधवार को पीएम मोदी ने त्रिकोणासन के फायदे और उसे करने का तरीका अपने एनिमेटेड वीडियो के साथ ट्वीट किया था। अपने वीडियो के साथ उन्होंने लिखा था, 21 जून को #YogaDay2019 मनाया जाएगा। मैं योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए आप सभी का आह्वान करता हूं। योग के अनन्य फायदे हैं। इस वीडियो में आप त्रिकोणासन करने का तरीका देख सकते हैं।
सरकार ने इस साल International Yoga Day पर राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित करने के लिए दिल्ली शिमला, मैसूर, अहमदाबाद और रांची शहरों का चुनाव किया है। प्रधानमंत्री पद की दूसरी बार शपथ लेने के बाद नरेंद्र मोदी का यह पहला बड़ा सामाजिक ईवेंट होगा। गौरतलब है कि बीते साल भी पीएम मोदी ने अलग-अलग योगासन करते हुए अपने कई वीडियो ट्वीट किए थे।
क्या है ताड़ासन :
ताड़ासन पूरे शरीर को लचीला बनाता है। यह सूक्ष्म मांसपेशियों में भी लचीलापन लाता है। और इस तरह से शरीर को हल्का करता है और आराम देता है। इसे करने से जोड़ों में अकड़न की आशंका कम होती है। यह योगाभ्यास आपको चुस्त दुरुस्त ही नहीं करता बल्कि आपके शरीर को सुडौल बनाने के साथ ही खूबसूरती भी बढ़ाता है। यह वजन कम करने में भी मदद करता है।