पीएम मोदी का महागठबंधन पर निशाना- नेतृत्व का पता नहीं
नई दिल्ली
बीजेपी की दिल्ली में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के आखिरी दिन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और पार्टी के लिए नया नारा 'अजेय भारत, अटल भाजपा' दिया। उन्होंने इस नारे को अटलजी को समर्पित किया। दूसरी तरफ बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि 2019 में बीजेपी फिर जीतेगी और अगले 50 सालों तक उसे कोई नहीं हरा पाएगा। कार्यकारिणी बैठक खत्म होने के बाद केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी और अमित शाह के भाषणों की मुख्य बातों को बताया।
महागठबंधन पर तीखा तंज
प्रधानमंत्री ने महागठबंधन को स्वार्थ का गठबंधन बताते हुए कहा कि महागठबंधन का मतलब है- नेतृत्व का पता नहीं, नीति अस्पष्ट, नीयत भ्रष्ट। रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'आज महागठबंधन की चर्चा है, जो लोग एक दूसरे को देख नहीं सकते, एक दूसरे के साथ चल नहीं सकते लेकिन आज साथ आने को मजबूर हैं, यह हमारी जीत है, हमारी कामयाबी है कि बिना साझा विचारों के वे साथ आने को मजबूर हैं।' प्रसाद ने पीएम के भाषण के हवाले से कहा, 'कांग्रेस के नेतृत्व को कोई स्वीकार करने को तैयार नहीं है। छोटे-छोटे दल भी कांग्रेस नेतृत्व को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं, कई तो उसे बोझ मानते हैं। यहां तक कि कांग्रेस के भीतर भी नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं।'
bhavtarini.com@gmail.com 