बीआरआईसीएस सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत 1 नवंबर को जयपुर में आयोजित होगी ‘साइक्लोथॉन फॉर ऑल’
जयपुर। पर्यावरण संरक्षण, सतत जीवनशैली एवं स्वच्छ वायु के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ब्रिक्स (BRICS) सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के अंतर्गत 1 नवंबर, रविवार को जयपुर में ‘साइक्लोथॉन फॉर ऑल’ का आयोजन किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय संस्था इंटरनेशनल सोसायटी फॉर लाइफ साइंसेज (ISLS), राजस्थान सरकार के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
गौरतलब है कि, साइक्लोथॉन का शुभारंभ प्रातः 7 बजे राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, झालाना डूंगरी, जयपुर से होगा। प्रतिभागी यहां से एपेक्स सर्किल एवं मालवीय नगर होते हुए नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे (NWR) मुख्यालय तक साइकिल यात्रा करेंगे तथा पुनः निर्धारित मार्ग से वापस लौटेंगे। वहीं प्रतिभागियों के लिए रिपोर्टिंग का समय प्रातः 6:15 बजे निर्धारित किया गया है।
‘पेडल फॉर ए क्लीनर, ग्रीनर एंड हेल्दीयर राजस्थान’ की थीम पर आयोजित इस साइक्लोथॉन में विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक तथा विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों के प्रतिनिधियों सहित सभी आयु वर्ग के नागरिक भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है। पंजीकृत प्रतिभागियों को टी-शर्ट, कैप, पर्यावरण अनुकूल बैग, सहभागिता प्रमाण-पत्र, रिफ्रेशमेंट एवं पेयजल तथा प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतिभागियों को अपनी साइकिल स्वयं लानी होगी।
इस आयोजन के माध्यम से साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने, वायु प्रदूषण नियंत्रण तथा शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। यह पहल मिशन LiFE (Lifestyle for Environment) की भावना के अनुरूप पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का प्रयास है।
कार्यक्रम के शैक्षणिक सहयोगी के रूप में कानोड़िया पीजी कॉलेज, एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय महिला महाविद्यालय, एलबीएस कॉलेज जयपुर, एस.एस. जैन सुबोध शिक्षा समिति, एसएसजी पारीक शिक्षा समिति एवं यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, जयपुर सहभागिता कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि, साइक्लोथॉन में भाग लेने के इच्छुक नागरिक दिए गए क्यूआर कोड अथवा निम्न गूगल फॉर्म लिंक के माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं— पंजीकरण लिंक: https://forms.gle/R2HXeWqKjkhxFCE46 अधिक जानकारी एवं पंजीकरण संबंधी सहायता के लिए मोबाइल नंबर 9928647916, 9414924365, 9460501085, 9314420245 एवं 9414043040 पर संपर्क किया जा सकता है।
bhavtarini.com@gmail.com

