पुलिसवाले ने घायल होकर भी लुटेरे को दबोचे रखा
नई दिल्ली
स्वरूप नगर में मंगलवार सुबह पट्रोलिंग पर निकले दो सिपाहियों की बहादुरी से दो लुटेरों को मुंह की खानी पड़ी। दोनों एक ट्रक ड्राइवर को लूटकर बाइक से भाग रहे थे। सिपाहियों ने उनका पीछा किया, ओवरटेक करके घेर लिया। तभी एक बदमाश ने उनपर चाकू से हमला किया। एक सिपाही को धक्का देकर नाले में गिरा दिया। भिड़ंत में दोनों सिपाही जख्मी हो गए, लेकिन हार नहीं मानी। एक बदमाश को दबोचे रखा, अंत में उसका साथी बाइक छोड़कर फरार हो गया। जांच हुई तो वह बाइक चोरी की निकली। डीसीपी (नॉर्थ वेस्ट) असलम खान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 साल के साजिद के तौर पर हुई है। वह भलस्वा डेयरी डी-ब्लॉक का रहने वाला है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, जल्द ही उसके साथी को भी अरेस्ट किया जाएगा। दोनों कॉन्स्टेबलों ने बहादुरी के साथ बदमाशों का मुकाबला किया।
घटना कल सुबह करीब 7 बजे बुराड़ी में रोड पर हुई। एरिया में स्नैचिंग रोकने के लिए कॉन्स्टेबल पवन और रतनलाल सुबह 5 से 10 बजे तक पट्रोलिंग ड्यूटी पर निकले थे। रास्ते में उन्होंने एक ट्रक ड्राइवर का शोर सुना। दोनों मौके पर पहुंचे तो ड्राइवर ने बताया कि पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाश उनका मोबाइल और जेब के रुपये लूटकर भागे हैं। उन्होंने चाकू भी दिखाया था। दोनों सिपाहियों ने बिना समय गंवाए बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर दोनों को ओवरटेक करके घेर लिया। आरोप है कि एक बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला किया। उसी दौरान कॉन्स्टेबल रतनलाल ने दूसरे बदमाश को कॉलर पकड़ लिए। उस बदमाश ने खुद को छुड़ाने के लिए उन्हें धक्का दिया, जिससे वह नाले में गिर गए। फिर भी उन्होंने बदमाश का कॉलर नहीं छोड़ा। उसी बीच चाकू दिखाने वाला बदमाश दूसरे सिपाही को धक्का देकर बाइक छोड़कर भाग निकला। बाइक की जांच की गई तो उसकी चोरी की रिपोर्ट अलीपुर थाने में दर्ज मिली। ट्रक ड्राइवर का मोबाइल और कैश उसी बदमाश के पास है, जो मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की रेड जारी है।
bhavtarini.com@gmail.com 
