पूजा कराने के नाम पर मामी का 9 तोला वजनी ज्वेलरी लेकर फुर्र हुआ भांजा
भोपाल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक भांजा अपनी मामी का 9 तोला जेवर लेकर फरार हो गया. युवक अपने मामी के घर में संकट दूर करने के लिए पूजा करने आया था. इस दौरान उसने सोने के जेवर रखने की बात कही और अपने घर चला गया. काफी देर बाद भी जब वह नहीं लौटा तो महिला ने ऐशबाग पुलिस थाने में जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
जानकारी के मुताबिक 49 वर्षीय लक्ष्मी तेजवानी ऐशबाग की हाउसिंग बोर्ड कालोनी में रहती हैं और वह गृहणी हैं. पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार लक्ष्मी का भांजा जितेंद्र फूलवानी अहमदाबाद में रहता है. वह अक्सर मामी लक्ष्मी के घर आकर पूजापाठ करता रहता था. पिछले साल अप्रैल 2018 में उसने मामी लक्ष्मी को बताया कि उनके घर पर कुछ संकट है, जिसे अनुष्ठान करके ठीक किया जा सकता है. भांजे की बात पर विश्वास करके लक्ष्मी ने उसे पूजा करने की इजाजत दे दी.
इसके बाद जितेंद्र ने घर में पूजा की और सोने के जेवरात एक पोटली में बांधकर पूजा स्थल पर रखवाए. इसके बाद बोला कि वह अहमदाबाद जा रहा है और वापस लौटने के बाद पोटली खोलेगा. दो महीने बीत जाने के बाद भी जब जितेंद्र वापस नहीं लौटा तो लक्ष्मी ने पोटली खोली, तो उसके होश उड़ गए. पोटली में जेवरात थे ही नहीं.
इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत अपनी ननद यानी जितेंद्र की मां से की. जितेंद्र की मां ने जेवरात वापस दिलवाने की बात कही. कई दिन बीत जाने के बाद भी जब लक्ष्मी के जेवरात नहीं मिले तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी.
bhavtarini.com@gmail.com 
