फिर संसदीय दल की नेता चुनी गईं सोनिया गांधी, वोटरों को कहा धन्यवाद

फिर संसदीय दल की नेता चुनी गईं सोनिया गांधी, वोटरों को कहा धन्यवाद

नई दिल्ली
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सोनिया गांधी को फिर से संसदीय दल का नेता बनाया गया है। कांग्रेस संसदीय दल का नेता पहले राहुल गांधी को बनाए जाने की अटकलें थीं। लोकसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश के बाद राहुल को संसदीय दल का नेता बनाए जाने की खबरें मीडिया में थी। हालांकि, इन सब अटकलों पर विराम लगाते हुए सोनिया गांधी को ही नेता चुना गया।

कांग्रेस संसदीय दल की नेता चुनी जाने के बाद सोनिया गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर विश्वास जतानेवाले 12.13 करोड़ मतदाताओं को भी शुक्रिया। राहुल गांधी ने भी बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस के हर कार्यकर्ता को यह याद रखना चाहिए कि हम संविधान को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हमारी लड़ाई देश के हर नागरिक के लिए है भले ही उसका रंग, जाति धर्म कुछ भी हो।'

कांग्रेस संसदीय बोर्ड की मीटिंग में लोकसभा में पार्टी की क्या रणनीति होगी, इस पर भी चर्चा की गई। पार्टी के 52 नए सांसदों के साथ यह पहली बैठक है। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद राहुल गांधी पहली बार पार्टी की किसी बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। बंपर बहुमत के साथ बीजेपी की सत्ता में वापसी हुई है और ऐसे वक्त में कांग्रेस के लिए सरकार को घेरने की रणनीति बहुत चुनौतीपूर्ण होगी।