बिहार के कई जिलों में सेब के बराबर कीमत पर बिक रहा प्याज

बिहार के कई जिलों में सेब के बराबर कीमत पर बिक रहा प्याज

भभुआ                                                                                                                                     
भभुआ समेत बिहार के कई जिलों में भी प्याज के लिए हाहाकार है। मांग और आपूर्ति में काफी फर्क है, जिसका सीधा असर इसकी कीमत पर देखने को मिल रहा है। शहर में इन दिनों प्याज की कीमत सेब के बराबर पहुंच गई है। प्याज की इतनी अधिक कीमत से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। प्याज ग्राहकों को रूला रहा है। 

मटन, मुर्गा, अंडा कढ़ी बनाने में भी प्याज के इस्तेमाल पर लोग एक बार सोच रहे हैं। सलाद में भी प्याज की मात्रा कम देखी जा रही है। ऐसी बात नहीं है कि सिर्फ प्याज की कीमत ही बढ़ी है। अन्य सब्जियों के दाम भी काफी बढ़े हैं। एक पखवारा के अंदर प्याज की कीमतों में जबरदस्त उछाल आई है। बाजार में एक किलो प्याज की कीमत 60 रुपए है, जबकि फल मंडी व सब्जी मंडी में सेब की कीमत 60 रुपए से लेकर 100 रुपये प्रति किलो तक है। 

प्याज की बढ़ी हुई कीमत के कारण गृहणियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। पिछले माह जो ग्राहक सब्जी मंडी से 15 से 20 रुपए किलो तक प्याज खरीद रहे थे, वही अब 60 रुपए किलो खरीद रहे हैं। एकता चौक स्थित सब्जी मंडी में प्याज खरीदने आई अनीता देवी ने बताया कि पहले कीमत अधिक होने के कारण अब मुश्किल से आधा किलो या एक पौवा प्याज ही खरीद पा रही हूं। दुकानदार भी प्याज महंगा होने की बात कह रहे हैं। राशन की दुकानों में भी प्याज महंगा है। 

दुकानदार संतोष कुमार ने बताया कि शहर के होटलों, ढाबों, घरों आदि में खाने की थाली से सलाद में प्याज नजर नहीं आ रहा है। प्याज की अधिक कीमत के चलते शाकाहारी से लेकर मांसाहारी तक सभी परेशान नजर आ रहे हैं।

क्यों बढ़ रही प्याज की कीमत 
प्याज के कारोबारी अमजद राइन बताते हैं कि आने वाले दिनों में प्याज और महंगा हो सकता है। पूछने पर उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश, नासिक और दक्षिण भारत के राज्यों से बड़ी मंडियों में प्याज की आवक कम होने से कीमत में वृद्धी हो रही है। भारी बारिश होने से प्याज की आपूर्ति में कमी आई है। पास के शहर बनारस व सासाराम की मंडियों में भी प्याज की कीमत तेज है।

सब्जियों की कीमत एक नजर में
सब्जी- प्रति किलो
प्याज- 60 रुपए
गोभी- 60-80 रुपए
पटल- 30 व 80 रुपए
मूली- 50-60 रुपए
बोदी- 60 रुपए
पत्ता गोभी- 60 रुपए
करैला- 40 रुपए
नया आलू- 40 रुपए
पुराना आलू- 10 रुपए