बिहार के सारे स्कूल बंद रहेंगे, सभी जिलों में चौकसी के निर्देश

पटना
एक हफ्ते में दूसरी बार दस सितंबर को भारत बंद के आह्वान के मद्देनजर बिहार सरकार ने सभी जिलों के डीएम और पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम के खिलाफ कांग्रेस ने भारत बंद बुलाया है जिसे बिहार के सभी विपक्षी दलों ने समर्थन देने का एलान किया है.

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) सेक्युलर के नेता जीतन राम मांझी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और वाम दलों ने भी बंद का समर्थन किया है. कांग्रेस के कम जनाधार को देखते हुए माना जा रहा है कि आरजेडी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर सकते हैं.

बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों से मुख्य चौक-चौराहों पर सुरक्षाकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए हैं. इस बीच प्राइवेट स्कूल और चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन ने सोमवार को सभी निजी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं.

एसोसिएशन के प्रमुख शमाइल अहमद ने राज्य सरकार से बंद के दौरान शैक्षणिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है. इससे पहले आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव ने बंद को पूरा समर्थन देने की घोषणा की. उन्होंने ट्वीट कर बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दाम के लिए नरेंद्र मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया.

पटना में पेट्रोल के दाम 86 रूपए के पार हो गया है और आम लोगों पर इसकी मार पड़ रही है. छह सिंतबर को सवर्ण सेना ने एससी - एसटी एक्ट में संशोधन के खिलाफ बंद का आह्वान किया था जिसका बिहार में व्यापक असर हुआ.