मध्य प्रदेश में 66 प्रतिशत से अधिक मतदान

मध्य प्रदेश में 66 प्रतिशत से अधिक मतदान

भोपाल
 लोकसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश में पहले चरण के लिए छह सीटों पर लोकसभा चुनाव और छिंदवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो गई।  धूप और गर्मी से बचने मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं। पहली बार मतदान करने वाले मतदाता भी कतार में लगे हुए हैं। बालाघाट जिले के लांजी, परसवाड़ा और बैहर में मतदान शाम चार बजे तक होगा। चुनाव में एक करोड़ पांच लाख से ज्यादा मतदाता मतदान करेंगे।

मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ ने परिवार सहित छिंदवाड़ा के शिकारपुरा मतदान केंद्र पर मतदान किया। वही भाजपा प्रत्याशियों में हिमाद्री सिंह ने  शहडोल में, रीति पाठक ने सीधी, बालाघाट से भाजपा प्रत्याशी ढाल सिंह बिसेन भी मतदान कर चुके हैं। लगातार लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में मध्यप्रदेश में 6 सीटों पर मतदान समाप्त हो गया है|  सुबह 7 बजे से शुरू हुआ वोटिंग का सिलसिला शाम 6 बजे ख़त्म हो गया। हालांकि जिन मतदान केंद्रों पर 6 बजे तक लम्बी लाइन लगी हुई थी वहा मतदान संपन्न कराया जा रहा| जो लग मतदान केंद्र परिसर में मौजूद रहेंगे उन्हें मतदान का मौक़ा मिलेगा|

मध्यप्रदेश में शाम 6 बजे तक 65.86% प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। लोकसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश में यह पहले चरण और देश में चौथे चरण का मतदान था| प्रदेश में छह सीटों पर वोट डाले गए|  सीधी में 56.82 प्रतिशत, शहडोल में 66.89 प्रतिशत, जबलपुर में 64.05 प्रतिशत, मंडला में 67.09 प्रतिशत, बालाघाट में 70.13 प्रतिशत और छिंदवाड़ा में 72.95 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। हालांकि ये अंतिम आंकड़ा नहीं है। मतदान दलों द्वारा अंतिम जानकारी देने के बाद ये आंकड़ा बदलेगा।

मतदान के लिए गजब का जज्बा

मतदान को लेकर उत्साह देखते ही बनता है, अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए चाहे दिव्यांग हो या वृद्ध हो सभी मतदान केंद्रों तक पहुंचे हैं|  जबलपुर की भवानी यादव(21) के दोनों हाथ नहीं है। इसके बाद भी जज्बे के साथ वोट देने पहुंची और लोगों को वोट देने का संदेश दिया। पैर से उन्होंने हस्ताक्षर किए और इसके बाद फिर अपनी मम्मी की सहायता से वोट दिया। भवानी जबलपुर के श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज से बीई की पढ़ाई कर रही हैं। वहीं जबलपुर में ही 104 वर्ष की पूना बाई ने गढ़ा में पोलिंग बूथ पर मतदान किया| मंडला संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ठेमी में मतदान केंद्र क्रमांक 1 में 110 वर्षीय वृद्धा ने मतदान किया। वे परिजनों के साथ कार से मतदान केंद्र पहुंची जहां व्हील चेयर पर बैठ कर मतदान किया। 29 नाती-पोते वाली सुंदरवाई के बड़े बेटे की उम्र 90 वर्ष है, जिन्होंने लोकतंत्र के महापर्व में परिजनों के साथ मतदान किया।