मन की बात में पीएम मोदी ने कोरोना मास्क को लेकर किया मधुबनी पेंटिंग का जिक्र

मन की बात में पीएम मोदी ने कोरोना मास्क को लेकर किया मधुबनी पेंटिंग का जिक्र

भागलपुर 
मास्क पर बनी मधुबनी पेंटिंग इस कोरोना काल में भी काफी लोकप्रियता हासिल कर रही है। मधुबनी पेंटिंग के कलाकार आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अपना योगदान दे रहे हैं। रविवार को पीएम नरेन्द्र मोदी ने मन की बात में मास्क पर बनी मधुबनी पेंटिंग और इसके बढ़ते उपयोग की जमकर तारीफ की। इस कठिन परिस्थितियों में भी कलाकारों ने अपने लिए खुद रोजगार ढूंढ़ निकाला।

पीएम के मन की बात में मधुबनी पेंटिंग की सराहना से कलाकार काफी गदगद हैं। मास्क पर पहली बार मधुबनी पेंटिंग करने वाले स्टेट आवार्डी दंपति रेमंत कुमार मिश्रा और उषा मिश्रा बताती हैं कि वह कभी नहीं सोचा था कि उनकी एक छोटी सी पहल को प्रधानमंत्री की भी सराहना मिलेगी। दंपति बताते हैं कि अभी करीब एक हजार से अधिक कलाकार इस व्यवसाय में लगे हुए हैं। जो प्रतिदिन 30 से 40 मास्क बनाकर समाज को कोरोना से भी बचाते हैं, और अपने आजीविका भी चलाते हैं। देश के कोने-कोने से पेंटिंग बनी मास्क की डिमांड आ रही है। अबतक कुल 15 हजार से अधिक मास्क का जगह-जगह ऑर्डर भेज चुके हैं।

क्राफ्ट वाला के राकेश झा ने बताया कि मास्क पर बनी मधुबनी पेंटिंग अब पूरे देश-विदेश में ख्याति प्राप्त कर लिया है।  इसके अलावा दरभंगा कंसी गांव की नबिता झा और गोविंद कुमार झा भी इस पेशे से जुड़कर सराहना बटोर रहे है। हजारों कलाकारों की आजीविका का साधन बन गया है। मधुबनी के जितवारपुर, जगतपुर, रांटी, रघुनी देहत, राजनगर के सिमरी, मधुबनी शहर, सेराम सहित कई गांवों के कलाकार लाभांन्वित हो रहे हैं।

पीएम के मन की बात में मधुबनी पेंटिंग की तारीफ सुन भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर झा, भाजपा के वरिष्ठ नेता ललन कुमार मंडल आदि ने कहा कि मिथिला पेंटिंग के कलाकारों के बदौलत पहले भी मधुबनी का पताका विश्व में लहराया था। पर इस वैश्विक महामारी कोरोना के बीच मास्क पर बनी मधुबनी पेंटिंग देश सहित विदेश तक पर सुर्खियां बटोर रही हैं।

पद्मश्री गोदावरी दत्त ने जताई खुशी
प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात में मधुबनी पेंटिंग के जिक्र पर मधुबनीं की रहने वाली और पद्मश्री गोदावरी दत्त ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की मधुबनी पेंटिंग वाले मास्क की तारीफ से वो बहुत ही खुश हैं। कहा कि- 'मुझे विश्वास है कि इस संकट की घड़ी में महिलाएं जो मधुबनी पेंटिंग वाला मास्क बना रही हैं इससे इस आपदा की घड़ी में आम लोगों को बहुत फायदा मिलेगा। हमारी कला आम लोगों तक मास्क के जरिए पहुंच रही है और इस कला को लोग पसंद भी कर रहे हैं। ये बहुत अच्छी बात है। प्रधानमंत्री जी ने कला की सराहना की है ये बहुत खुशी की बात है। इससे ये कला और भी फेमस होंगी। देश पर आई इस कोरोना संकट की घड़ी में हमलोगों से जो भी बन पाए हम अपनी कला से सब कुछ करेंगे। हालांकि मैं ये मास्क नहीं बना रही हूं लेकिन मेरी सिखाई हुई बहुत सी महिलाएं और बच्चियां इसे बना रही हैं। प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद जो उन्होंने मधुबनी पेंटिंग की सराहना की है।'

प्रधानमंत्री मोदी ने मधुबनी पेंटिंग को लेकर पीएमओ ने ट्वीट भी किया है। जिन पर मधुबनी के डीएम ने उनको रिट्वीट करते हुए पीएम को इसके लिए धन्यवाद किया।