महाकाल दर्शन करने पहुंचे सीएम शिवराज और कई मंत्री और विधायक

महाकाल दर्शन करने पहुंचे सीएम शिवराज और कई मंत्री और विधायक

उज्जैन
 श्रावण के पहले सोमवार पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान महाकाल दर्शन करने सपरिवार उज्जैन आए। मंदिर में पूजन करने बाद वे भोपाल के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री चौहान हेलीकाप्टर से उज्जैन आने वाले थे, मगर मौसम खराब होने के कारण उनके तय कार्यक्रम में फेरबदल हुआ। वे कार से उज्जैन आए। उज्जैन पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री कहीं रुके नहीं और सीधे महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां लघुरुद्र अनुष्ठान में शामिल हुए। बता दें कि श्रावण सोमवार पर मुख्यमंत्री चौहान उज्जैन आते रहे हैं। बीते वर्ष उनकी पत्नी साधना सिंह हर श्रावण सोमवार पर उज्जैन बाबा महाकाल के दर्शन करने आईं थीं। कोरोना काल से पूर्व सीएम महाकाल की सवारी में भी शामिल होते रहे हैं।

इसी के साथ पूर्व सीएम उमा भारती समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री और विधायक भी महाकाल के दर्शन करने पहुंचे थे। हालांकि, दूसरी तरफ लंबे समय से बाबा के दर्शन के इंतजार में खड़े आम श्रद्धालुओं में नेताओं की वीआईपी एंट्री पर नाराजगी देखी गई। काफी इंतजार के बाद भक्त बैरिकेड्स गिराते हुए मंदिर में प्रवेश कर गए। आलम ये था कि, व्यवस्थाओं में तैनात पुलिस भी उन्हें संभालने में नाकाम रही।

 

भक्तों में नाराजगी की वजह
आपको बता दें कि, सोमवार तड़के 3 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद भस्म आरती की गई। इस बार आरती में आम श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं मिल सका। भस्म आरती के दौरान सिर्फ पंडे-पुजारी ही गर्भगृह में रहे। इसके बाद से लेकर सुबह 11 बजे तक ही इस बार आम श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन के लिये मंदिर में प्रवेश दिया गया। इसके बाद मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद कर दिया गया। इस दौरान हर किसी को बाबा के दर्शन करने की होड़ थी। लेकिन, वीआईपी एंट्री होने के कारण आमजन का प्रवेश बंद कर दिया गया था। आखिरकार भीड़ रैलिंग तोड़कर मंदिर प्रांगण में घुस गई। फिलहाल, अब शाम 4 बजे महाकाल की सवारी निकाली जा रही है। इसके बाद शाम 7 से 9 बजे के बीच श्रद्धालु एक बार फिर दर्शन कर सकेंगे।


CM ने कराया महाकाल का विशेष अनुष्ठान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने निर्धारित कार्यक्रम अनुसार उज्जैन पहुंचे और बाबा महाकाल के विशेष अनुष्ठान में सपत्नीक शामिल हुए। सीएम शिवराज कते साथ उनकी पत्नी साधना सिंह और दोनों बेटे भी शामिल हुए। बताया जा रहा है कि किसी विशेष प्रयोजन को लेकर यह अनुष्ठान किया गया है। मंदिर पहुंचने पर उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। संभवतः सीएम परिवार के साथ बाबा महाकाल की सवारी में भी शामिल होंगे।


दर्शन करने पहुंचे ये नेता
सीएम शिवराज के बाद मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता उमा भारती भी महाकाल के दरर्शन करने वीआईपी मार्ग से पहुंचीं। यहां उन्होंने बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके अलावा, मध्य प्रदेश की जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री मीना सिंह ने भी महाकाल के दर्शन किए। बता दें कि, मीना सिंह उमरिया जिले की मानपुर विधानसभा से विधायक हैं।