मोदी पर टिप्पणी से भड़कीं सुषमा, कहा- राहुल गांधी की जाति पर कांग्रेस भ्रमित

मोदी पर टिप्पणी से भड़कीं सुषमा, कहा- राहुल गांधी की जाति पर कांग्रेस भ्रमित

नई दिल्ली        
विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर जुबानी हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के मजहब और जाति को लेकर कांग्रेस भ्रमित है. राहुल गांधी की छवि हिंदू बनाने की कोशिश चुनाव के लिए हो रही है.

बता दें कि उदयपुर में शनिवार को ही राहुल ने भी मोदी पर बड़ा अटैक करते हुए कहा कि पीएम हिंदुत्व की बात करते हैं, लेकिन हिंदुत्व के बारे में नहीं जानते. साथ ही राहुल गांधी ने ट्वीट कर मोदी को जोड़-तोड़ का मास्टर बताया.

राहुल की इस टिप्पणी पर सुषमा स्‍वराज ने आगे कहा कि कांग्रेस को लगा कि केवल हिंदू कहने से नहीं होगा तो आस्थावान हिंदू बनाने की कोशिश हुई. इससे भी काम नहीं चला तो नाना की जाति ब्राह्मण बताई जाने लगी.

विदेश मंत्री ने राहुल गांधी के हिंदू होने पर ही सवाल उठाते हुए कहा कि भगवान न करे ऐसा दिन आए कि उनसे हिंदू होने का मतलब सीखना पड़े. कांग्रेस दुविधापूर्ण स्थिति में है कि करें क्या. धर्म का परिवर्तन तो हो सकता है, लेकिन जाति परिवर्तन नहीं हो सकता.

चुनाव नहीं लड़ रहीं, लेकिन राजनीति में रहेंगी सक्रिय

विदेश मंत्री ने चुनाव न लड़ने के सवाल पर जवाब दिय कि मेरा स्वास्थ्य ठीक है, लेकिन  डॉक्टर ने धूल से बचने के कहा है. इसलिए में लोकसभा चुनाव नहीं लड़ रही. हालांकि उन्होंने कहा कि मैं चुनाव नहीं लड़ रहीं, लेकिन राजनीति नहीं छोड़ रही हूं.