यूपी पुलिस ने लड़की को किया परेशान, प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया VIDEO

कानपुर
कानपुर में छेड़छाड़ के एक मामले में जब लड़की थाने पहुंची तो ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल ने मदद करने की बजाय उसी के चरित्र पर ही सवाल उठा दिया। ये सवाल सिर्फ इसलिए उठाया क्योंकि वो लॉकेट और अंगूठी पहनी हुई थी। बुधवार को सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही आरोपी हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को यह वीडियो शेयर कर दावा किया कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम नहीं हो रहे हैं और कानून के रखवाले ही लोगों के साथ गलत व्यवहार कर रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा, "छेड़खानी की रिपोर्ट लिखवाने गई लड़की के साथ इस तरह का व्यवहार हो रहा है। एक तरफ उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम नहीं हो रहे, दूसरी तरफ कानून के रखवालों का ये बर्ताव है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने की पहली सीढ़ी है कि उनकी बात सुनी जाए।"
बता दें कि कानपुर स्थित नजीराबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती नल पर पानी भरने के लिए गई थी। वहां मौजूद कुछ लड़को ने युवती से छेड़छाड़ करने लगे। लड़की ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो वो मारपीट करने लगे। बीच बचाव करने आए लड़की के भाई को भी जमकर पीटा। इसके बाद धमकी देते हुए भाग गए। पीड़िता मां के साथ छेड़छाड़ की रिपोर्ट लिखाने के लिए नजीराबाद थाने पहुंची। थाने में मौजूद हेड कांस्टेबल ने पीड़िता से पहले पूरा घटना क्रम पूछता है। इसके बाद हेड कांस्टेबल पीड़िता से पूछता कि "ये चूड़ा, अंगूठी, लॉकेट क्यों पहने हो, इतने आयटम पहनने की क्या जरूरत है। जब तुम पढ़ती नहीं हो तो ये सब पहनने की क्या जरूरत है। इससे क्या लाभ है इसी से दिखाई दे जाता है कि तुम क्या हो। तुम लोग घर वाले हो बेटी को देखते नहीं हो क्या करती है।"
सीओ नजीराबाद गीतांजलि सिंह के मुताबिक थाना नजीराबाद का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें एक महिला अपनी समस्या बता रही है। उसी क्रम में हेडकांस्टेबल को तत्काल प्रभाव में लाईन हाजिर कर दिया गया है। आगे की कार्यवाई को अमल में लाया जा रहा है।