राजधानी के कारोबारी चेतन शाह से डेंटल छात्रा ने 1 करोड़ 38 लाख ऐंठे

राजधानी के कारोबारी चेतन शाह से डेंटल छात्रा ने  1 करोड़ 38 लाख ऐंठे

रायपुर
 मध्यप्रदेश में हनी ट्रैप मामले में मचे सियासी बवाल के बाद अब छत्तीसगढ़  में भी इसी तरह का मामला उजागर हुआ है. राजधानी रायपुर  में एक युवती ने अपनी खूबसूरती की जाल में फंसा कर व्यापारी को पैसा कमाने का जरिया बनाया. आरोपी युवती ने व्यापारी से 1 करोड़ 38 लाख 51 हजार रुपये वसूल चुकी थी. इसके बाद और पैसों की मांग कर रही थी. पुलिस (Police) ने जाल बिछाकर युवती को व्यापारी से 50 लाख रुपये लेते गिरफ्तार किया है.

रायपुर पुलिस  से मिली जानकारी के मुताबिक व्यापारी चेतन शाह ने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. इसमें निजी पलों का वीडियो बनाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना बताया गया था. इसके बाद पुलिस ने 50 लाख रुपए की डिलीवरी लेते हुए कचना रेलवे क्रॉसिंग के पास सिविल वर्दी में तैनात महिला पुलिस कर्मियों ने आरोपी युवती प्रीति तिवारी को पकड़ा. आरोपी युवती ने कारोबारी से करीब 1 करोड़ 38 लाख 51 हजार रुपए वसूल चुकी थी. पुलिस युवती के मंगेतर रिंकू शर्मा समेत युवती के 4 गुर्गों की तलाश कर रही है.

अपने कब्जे में रखी थी कार
पुलिस के पास दर्ज शिकायत के मुताबिक आरोपी युवती ने कारोबारी को लगातार ब्लैकमेल कर सिर्फ पैसे ही नहीं वसूले, बल्कि उसकी क्रेएटा कार भी अपने कब्जे में रखी थी. कार को आरोपी का मंगेतर लेकर फरार हो गया है. पुलिस को उसकी तलाश है. पुलिस की जांच में युवती के भोपाल और दिल्ली में कनेक्शन भी सामने आए हैं. पुलिस मध्यप्रदेश में पकड़े गए हनी ट्रैप गैंग से इस युवती के संबंध की जांच भी कर रही है. कारोबारी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि लड़की पहले उससे बातचीत करती थी. फिर अपने खूबसूरती की जाल में फंसा कर ब्लैकमेल करने लगी.