राज्यपाल से मिले कमलनाथ, 23 दिसंबर को होगा मंत्रिमंडल का गठन

राज्यपाल से मिले कमलनाथ, 23 दिसंबर को होगा मंत्रिमंडल का गठन

भोपाल 
कमलनाथ मंत्रिमंडल का 23 दिसंबर को गठन होगा. मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भोपाल में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाक़ात कर उन्हें इसकी जानकारी दी. शपथ ग्रहण समारोह इसी दिन दोपहर में होगा. नये विधायकों का शपथ ग्रहण भी 7 जनवरी को होगा.

सीएम कमलनाथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलने राजभवन पहुंचे. उन्होंने राज्यपाल को बताया कि प्रदेश के नये मंत्रिमंडल का गठन 23 दिसंबर को किया जाएगा. दोपहर में शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे.

राज्यपाल से मुलाक़ात के बाद कमलनाथ दिल्ली रवाना हो रहे हैं. वे संभावित मंत्रियों की सूची लेकर जा रहे हैं. दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाक़ात कर मंत्रिमंडल गठन पर चर्चा होगी और उसके बाद नाम फाइनल किए जाएंगे.

प्रदेश में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद कमलनाथ ने इसी हफ़्ते 17 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. उसके बाद से नए मंत्रिमंडल गठन को लेकर चर्चा चल रही है. नये मंत्रिमंडल में जाति क्षेत्र के साथ पार्टी के क्षत्रपों के बीच संतुलन बनाना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी. देखना होगा कि दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थकों को किस तरह से मंत्रिमंडल में जगह औऱ तवज्जो मिलती है.