'राम-राम' ना बोलने पर महिला के कपड़े फाड़ने लगे नशे में धुत युवक, लोगों ने जमकर पीटा

'राम-राम' ना बोलने पर महिला के कपड़े फाड़ने लगे नशे में धुत युवक, लोगों ने जमकर पीटा

 
अलवर

राजस्थान के अलवर में महिला से बदसलूकी करने वाले दो युवकों को भीड़ ने जमकर पीटा। नशे में धुत इन दोनों युवकों ने एक दंपती से बदतमीजी की। आरोप है कि 'राम-राम' ना कहने पर इन नशेड़ियों ने महिला के कपड़े फाड़ने की भी कोशिश की। दंपती के शोर मचाने पर लोग इकट्ठा हो गए। पहले इन दोनों को लोगों ने पीटा, फिर पुलिस के हवाले कर दिया।

मामला अलवर के सेंट्रल बस स्टैंड का है। शनिवार रात को यह दंपती हरियाणा के नूह जाने के लिए बस स्टैंड पहुंचा। शिकायत के मुताबिक, दंपती बस पकड़ने से पहले खाना खा रहे थे। उनके साथ एक बच्चा भी था। इतने में नशे में धुत वंश भारद्वाज और सुरेंद्र भाटिया वहां पहुच गए। ये दोनों दंपती को गाली देने लगे और उनसे बदसलूकी शुरू कर दी।

महिला के पति को पीटना शुरू कर दिया
आरोप है कि इन दोनों ने जबरन 'राम-राम' बुलवाने की भी कोशिश की। मना करने पर दोनों ने महिला के पति को पीटना शुरू कर दिया। जब महिला ने बीच-बचाव की कोशिश की तो इन दोनों ने सरेआम महिला के कपड़े फाड़ने की कोशिश की। शोरगुल सुनकर लोग इकट्ठा हो गए और दोनों युवकों को पकड़ लिया। पहले तो लोगों ने इन दोनों को पीटा और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।