वर्ल्ड चैंपियन बेल्जियम को भारत ने लगातार दूसरी बार हराया

वर्ल्ड चैंपियन बेल्जियम को भारत ने लगातार दूसरी बार हराया

एंटवर्प (बेल्जियम) 
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बेल्जियम दौरे पर अपना अपराजेय अभियान जारी करते हुए मंगलवार को यहां मेजबान टीम को 2-1 से हरा दिया। इस जीत के बाद भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय टीम की विश्व चैंपियन बेल्जियम पर यह लगातार दूसरी और बेल्जियम दौरे पर लगातार चौथी जीत है। विजेता भारतीय टीम के लिए अमित रोहिदास और सिमरनजीत सिंह ने एक-एक गोल किया। भारत की तरफ से स्टार खिलाड़ी मनदीप सिंह अपना 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे थे। भारत ने दौरे के अपने पहले मैच में मेजबान बेल्जियम को 2-1, स्पेन को लगातार दो मैचों में 6-1 से और 5-1 से हराया था। भारतीय टीम ने मुकाबले में आक्रामक शुरुआत की थी। पहले क्वॉर्टर की समाप्ति से पहले 10वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और रोहिदास ने इसे भुनाते हुए गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।

दूसरे क्वॉर्टर में मेजबान बेल्जियम ने अच्छी वापसी करने की कोशिश की और आक्रामक रुख अपनाया लेकिन, भारत ने अपनी मजबूत रक्षापंक्ति के जरिए मेजबान टीम को बराबरी हासिल करने से दूर ही रखा। मैच के तीसरे क्वॉर्टर में फेलिक्स डेनायर ने 33वें मिनट में गोलकर बेल्जियम को 1-1 की बराबरी दिला दी। इसके बाद भारत ने चौथे और अंतिम क्वॉर्टर में 53वें मिनट में सिमरनजीत के गोल की मदद से 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। भारत ने इस बढ़त को अंत तक कायम रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।