विभागीय मंत्री ही निगम-मंडल में होंगे अध्यक्ष : शिवराज सिंह

विभागीय मंत्री ही निगम-मंडल में होंगे अध्यक्ष : शिवराज सिंह


भोपाल, ब्यूरो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निगम और मंडल में अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के कमलनाथ सरकार के फैसले को बदल दिया है। अब विभागीय मंत्री ही निगम-मंडल में अध्यक्ष होंगे। ये मंत्री इन निगम मंडलों में तब तक अध्यक्ष रहेंगे जब तक नई नियुक्तियां नहीं होंगी। कमलनाथ सरकार में विभागीय प्रमुख सचिव या एसीएस निगम मंडल के पदेन अध्यक्ष होते थे। इससे पहले विभागीय मंत्री ही निगम मंडल के पदेन अध्यक्ष होते थे। इस व्यवस्था को कमलनाथ सरकार ने बदल दिया था। इसके बाद अब निगम मंडल में नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है। सीएम चौहान ने सामान्य प्रशासन विभाग को दिए निर्देश में उस आदेश में संशोधन करने के लिए कहा है जिसमें प्रदेश में प्रशासकीय विभाग के अंतर्गत निगम-मंडल, समिति, परिषद के अध्यक्ष का कार्यभार संबंधित विभाग के प्रमुख के पास होने के आदेश कांग्रेस की 15 माह की सरकार में जारी किए गए थे। इस संशोधन के बाद अब संबंधित विभाग का मंत्री विभाग का अध्यक्ष होगा। सूत्रों का कहना है कि इस आदेश के बाद अब निगम मंडलों में नियुक्ति के लिए बाट जोह रहे अशासकीय सदस्यों को निगम मंडल में नियुक्ति पाने का रास्ता साफ हो जाएगा। इसके बाद उपचुनाव हारने वाले शिवराज सरकार के तीन मंत्रियों समेत अन्य भाजपा नेताओं को निगम मंडल में जिम्मेदारी दिए जाने का क्रम शुरू हो सकेगा।