सामाजिक कार्यों में शोध करने पर तीन साल तक दिए जाएंगे 25 हजार प्रतिमाह

भोपाल
 अगर आप राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) में पढ़ रहे हैं और सामाजिक कार्यों में शोध करना चाहते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। विवि में रहकर सामाजिक शोध करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को अब विवि 25 हजार स्र्पए प्रतिमाह तीन साल तक देगा। इसकी स्वीकृति कार्यपरिषद की बैठक में मिल गई है।

दरअसल, आरजीपीवी की कार्यपरिषद की बैठक मंगलवार दोपहर तीन बजे से आयोजित की गई। तीन घंटे चली कार्यपरिषद की बैठक में विवि से संबंधित आधा दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा की गई। सबसे अहम निर्णय यह लिया गया कि छात्रों को शोधकार्यों में बढ़ावा देने के लिए फंड दिया जाएगा।

सूत्र बताते हैं कि विवि के छात्रों की फीस बढ़ाने का मामला जैसे ही कार्यपरिषद की बैठक में रखा गया तुरंत कुलपति सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि पिछली एकेडमिक काउंसिल की बैठक में इस संबंध में चर्चा कर ली गई है। यह फाइनेंस कमेटी के पास जाना चाहिए गलती से कार्यपरिषद के अनुमोदन के लिए रखा गया है। इसे एकेडमिक काउंसिल से ही वापस कर लिया गया था। उन्होंने कहा फिलहाल विवि किसी तरह की फीस नहीं बढ़ा रहा है।