सुशील मोदी बोले, लालू-राबड़ी राज का साझा गुनहगार है कांग्रेस
पटना
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने लालू-राबड़ी राज को कुशासन की संज्ञा दी है। साथ ही इस शासन में कांग्रेस पर साझा गुनहगार होने का आरोप लगाया है। कहा कि 60 साल तक सत्ता की मलाई काटने वाली कांग्रेस मंडल आयोग की सिफारिशों का विरोध करने के कारण सत्ता से बाहर हो गई थी। तब मजबूरी और बेचैनी में इसने लालू प्रसाद से हाथ मिला लिया था। अल्पमत की राबड़ी सरकार चलाने के बदले इसने सारे विधायकों को मंत्री बनवा लिया था।
शनिवार को ट्वीट कर कहा है कि अब जब राजद कांग्रेस को उसकी हैसियत बता रहा है, तब इसके नेता ज्यादा सीटें पाने के लिए कथित कुर्बानी की दुहाई दे रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार-उन्नयन के लिए 1029 करोड़ की 182 परियोजनाओं की शुरुआत की है।
मुजफ्फरपुर में चमकी बुखार से पीड़ित बच्चों के लिए 62 करोड़ की लागत से बनने वाले 100 बेड के शिशु गहन चिकित्सक युनिट का शिलान्यास हुआ। पटना मेट्रो के लिए 13 हजार 365 करोड़ की परियोजना के सहमति पर दस्तखत हुए। सरकार ढांचागत विकास और जन कल्याण के बड़े काम कर रही है। लेकिन फिर भी विरोधी दलों को दिखाई नहीं दे रहा है। विरोधी दलों को केवल सीएम की कुर्सी नजर आती है