सोनीपत में ट्रक ने वाहनों को टक्कर मारी, 12 की मौत

सोनीपत
हरियाणा के सोनीपत में एक भयानक हादसा हो गया है। यहां एक ट्रक की कुछ गाड़ियों से भिड़ंत होने पर 12 लोगों की मौत हो गई है। घटना में 7 लोग घायल हो गए हैं। मौके पर पुलिस और प्रशासन पहुंच गया है। राहत और बचावकार्य में सभी बल जुट गए हैं। घटना गोहाना के गांव मुंडलाना के पास हुई है। घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है।
बताया गया है कि गोहाना पानीपत हाइवे पर एक ट्रक, एक कार और दो दोपहिया वाहनों की सोनीपत में भिड़ंत हो गई। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रक तेज गति में गलत दिशा में आ रहा था। इसके चलते सामने से आती गाड़ियों से ट्रक की भिड़ंत हो गई, जिनमें से एक कार और एक क्रूजरबताई जा रही है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसपी प्रतीक्षा गोधरा ने बताया है कि 12 लोगों की मौत हो गई है और करीब 7 लोग घायल हो गए हैं।
हालांकि, उन्होंने कहा कि घायलों की संख्या के बारे में साफ जानकारी नहीं है और यह संख्या बढ़ सकती है। घायलों को खानपुर पीजीआई पहुंचाया जा रहा है। घटनास्थल से शवों को निकालकर पहचान की कोशिश की जा रही है। मामले में अधिक जानकारी का इंजतार किया जा रहा है। फिलहाल मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए हैं।