स्वस्थ बच्चा ही असली धन होता है, राज्यपाल ने आंगनबाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण

स्वस्थ बच्चा ही असली धन होता है, राज्यपाल ने आंगनबाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण

रायपुर
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज यहां राजधानी में मठपारा स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंची। वहां पर उन्होंने बच्चों और गर्भवती माताओं से मुलाकात की और उन्हें फल वितरित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक परिवार में महिलाओं की भूमिका अलग-अलग होती है चाहे वे सास के रूप में हो या बड़ी बहन या ननद के रूप में। उन्हें अपने परिवार की बहू-बेटियों का ध्यान रखना चाहिए और जब तक किसी योजना से सहायता राशि प्राप्त न हो तब तक हर महीने एक निश्चित राशि उनके पालन-पोषण में खर्च करें। इससे जन्म होने वाला बच्चा स्वस्थ होगा। अच्छा और स्वस्थ बच्चा ही असली धन होता है।

उन्होंने कहा कि हम आए दिन समाचार पत्रों में कुपोषण-लिंगानुपात और हृदयाघात या अन्य बीमारियों से बच्चों की मौत की खबरें पढ़ते हैं इन्हें रोकने की जिम्मेदारी हम सबकी है। हम बच्चे को पौष्टिक भोजन दें और बीमार होने पर तुंरत अस्पताल ले जाकर इलाज कराएं। श्रीमती पटेल ने कहा इस केन्द्र मे तीन-चार बच्चें कुपोषित है। इस मोहल्ले में रहने वाले संपन्न परिवार उन्हें गोद ले कर, उनके पौष्टिक भोजन का खर्च वहन कर सकते हैं।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं से प्रधानमंत्री वंदना योजना के तहत मिलने वाली राशि की जानकारी ली। उनसे विलंब से राशि मिलने की जानकारी प्राप्त होने पर राज्यपाल ने असंतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि यह योजना इसलिए प्रारंभ की गई है ताकि गर्भवती महिलाएं प्राप्त राशि का उपयोग पौष्टिक भोजन और फल लेने में कर सके। यदि राशि विलंब से मिलेगी, तो इसका सदुपयोग नहीं हो पाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी में यह सुनिश्चित किया जाए कि गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन हो ताकि उपयुक्त समय में सहायता राशि प्राप्त हो सके।

 उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी में तीन साल पूर्ण होने पर ही बच्चों को प्रवेश मिलता है। अलग-अलग महीने में प्रवेश होने पर बच्चों का प्रारंभिक पाठ छूट जाता है। उन्होंने स्कूल की तरह आंगनबाड़ी में एक निश्चित तिथि तक सभी बच्चों को प्रवेश देने का सुझाव दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी सहायिका को आंगनबाड़ी किट प्रदान किया और रसोई घर का निरीक्षण भी किया।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सुरेन्द्र कुमार जायसवाल, रायपुर संभागायुक्त जी. आर. चुरेन्द्र, कलेक्टर एस. भारतीदासन, पुलिस महानिरीक्षक आनंद छाबड़ा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आरिफ शेख, नगर निगम आयुक्त शिव अनन्त तायल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौरव सिंह उपस्थित थे।