हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू, लाया जा सकता है अविश्वास प्रस्ताव

हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू, लाया जा सकता है अविश्वास प्रस्ताव

चंडीगढ़
हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुक्रवार दोपहर बाद 2 बजे से इसकी शुरूआत होगी।विधानसभा सचिवालय द्वारा सभी तैयारियां की जा चुकी हैं। बीते बृहस्पतिवार को पूरी विधानसभा को सैनेटाइज कराया गया था। विधानसभा में आने वालों को सोशल डिस्टेसिंग के नियमों का पालन करने के लिए कहा जा रहा है। थर्मल स्केनिंग के बिना किसी की एंट्री नहीं होगी। मंत्रियों के स्टाफ को भी कम कर दिया गया है।
 
कोरोना महामारी को देखते हुए यह निर्देश भी दिए गए हैं कि, विधायकों के सहायक परिसर में नहीं आ सकेंगे। पहली बार पेपरलेस कार्यवाही की शुरूआत भी हो सकती है। बजट 2021-22 का बजट 10 मार्च को पेश होगा। बताया जा रहा है कि, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर खुद टैब से ही बजट पेश करेंगे। विधायकों को विधानसभा से लैपटॉप व टैब भी दिए हुए हैं। हालांकि, बजट सत्र की शुरुआत में ही सत्तारूढ़ भाजपा-जेजेपी गठबंधन और विपक्षियों के बीच टकराव होने के आसार हैं। इस बजट सत्र में कांग्रेस की ओर से राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की तैयारी की गई हैं। कांग्रेस किसान आंदोलन के समर्थन में आवाज उठाती रही है और वह कृषि कानूनों के खिलाफ भी है। ऐसे में बजट सत्र के दौरान इस मुद्दे पर बड़ी बहस हो सकती है।