अजीत जोगी ने बुलाई आपात बैठक, तय होगा चुनाव लड़ेंगे या नहीं

अजीत जोगी ने बुलाई आपात बैठक, तय होगा चुनाव लड़ेंगे या नहीं

रायपुर

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर भाजपा और कांग्रेस ने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है, लेकिन गठबंधन की ओर से अब भी ​तीन सीटों पर स्थिति साफ नहीं है. बसपा ने आठ सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है, लेकिन संशय अब भी बरकार है कि बची तीन सीटों पर गठबंधन की ओर से अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के बैनर से उम्मीदवार होगा या फिर बसपा ही प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारेगी.

सूत्रों के मुताबिक अजीत जोगी की पार्टी कहां से लोकसभा चुनाव लड़ेगी इसका फैसला आज रात को होने की संभावना है. अजीत जोगी ने सोमवार को राजधानी रायपुर में एक आपात बैठक बुलाई है. इस बैठक में लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर चर्चा होगी. अजीत जोगी ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं. लेकिन आज रात को होने वाली जोगी कांग्रेस की आापत बैठक मे निर्णय कर लिया जाएगा कि वो लोकसभा चुनाव लड़ेगे या फिर नहीं. इसको लेकर जोगी खुद आल पदाधिकारियों से मंथन करेंगे.

बता दें कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले अीजत जोगी की पार्टी और बसपा में गठबंधन हुआ था. इसके बाद कहा गया था कि ये गठबंधन आगे भी जारी रहेगा. लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा के बाद बसपा ने अजीत जोगी की पार्टी से रायमशवार किए बगैर ही अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी थी. इसके बाद से आशंका जताई जा रही है कि गठबंधन टूट जाएगा. हालांकि दोनों ही दलों की ओर से आधिकारिक रूप से ऐसा कोई बयान अब तक सामने नहीं आया है.