अब गुजरात में डरा रहे कोरोना वायरस के आंकड़े, 4 शहरों में लगाया गया नाइट कर्फ्यू
अहमदाबाद
देश में एक बार फिर कोरोना वायरस का खतरा बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। महाराष्ट्र, कर्नाटक और पंजाब के बाद अब गुजरात में कोरोना वायरस के मामलों ने राज्य और केंद्र सरकार की चिंताएं बढ़ा दी हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए गुजरात सरकार ने प्रदेश के चार महानगरों में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। गुजरात सरकार के आदेश के मुताबिक अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में 17 मार्च से लेकर 31 मार्च तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। इन चारों शहरों में रात 10 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। आपको बता दें कि गुजरात के शहरी इलाकों में हाल के दिनों में कोरोना वायरस के केस तेजी से बढ़े हैं। ऐसा छठीं बार है, जब इन शहरों में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया गया है।
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच पिछले साल दिवाली के बाद नवंबर में महीने में यहां पहली बार नाइट कर्फ्यू लगाया गया था। इसके अलावा सरकार ने लोगों से अपील की है कि वो सार्वजनिक स्थानों पर अनिवार्य तौर पर मास्क लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करें। 'एक दिन में मिले 890 नए मरीज' गौरतलब है कि सोमवार को गुजरात में कोरोना वायरस के 890 नए मामले मिले, जिसके बाद कुल केस बढ़कर 2,79,097 हो गए। इनमें सूरत में 262 केस, अहमदाबाद में 209 केस, वडोदरा में 97 केस और राजकोट में 95 नए केस मिले। इसके अलावा अन्य जिलों में भी कोरोना वायरस के 18 से 30 नए मरीज मिले। हालांकि इस दौरान राज्य में 594 मरीज ठीक भी हुए। हालांकि गुजरात में अभी तक कोरोना वायरस के 2,69,955 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है और अभी तक कुल 1,07,323 लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है।
bhavtarini.com@gmail.com 
